एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 शुरू होने से पहले भारत और पाकिस्तान से जुड़ा एक नया विवाद सामने आ गया है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने टूर्नामेंट के वेन्यू को लेकर आपत्ति जताई है और मांग की है कि या तो प्रतियोगिता भारत से बाहर कराई जाए या फिर पाकिस्तान टीम के मुकाबले किसी न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित किए जाएं। इस मांग के पीछे पाकिस्तान ने दोनों देशों के रिश्तों और खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला दिया है। हालांकि भारत ने इस मांग को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
27 अक्टूबर से शुरू होगा टूर्नामेंट
मेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक भारत में होना है। टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, चीन, जापान, कोरिया और मलेशिया समेत छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हैं, लेकिन पाकिस्तान की ओर से उठाए गए सवालों ने आयोजन से पहले नई चर्चा छेड़ दी है।
पाकिस्तान ने क्या रखी मांग?
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष मोहउद्दीन अहमद ने एशियन हॉकी फेडरेशन से संपर्क कर कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में पाकिस्तान टीम के भारत आने को लेकर चिंताएं हैं। फेडरेशन ने सुझाव दिया कि या तो पूरा टूर्नामेंट किसी दूसरे देश में कराया जाए या फिर पाकिस्तान के मैच किसी तटस्थ स्थान पर आयोजित किए जाएं। पाकिस्तान ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षा को अपनी मुख्य चिंता बताया है।
भारत का दो टूक जवाब
हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने पाकिस्तान की मांग को सीधे तौर पर अस्वीकार कर दिया है। उनका कहना है कि टूर्नामेंट तय कार्यक्रम और तय स्थान पर ही आयोजित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वेन्यू बदलने का कोई सवाल नहीं है। हॉकी इंडिया का मानना है कि अगर पाकिस्तान को प्रतियोगिता में हिस्सा लेना है तो उसे भारत आकर ही खेलना होगा।
नहीं आया तो तैयार हैं दूसरे विकल्प
हॉकी इंडिया ने यह भी संकेत दिया है कि यदि पाकिस्तान प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेता है तो उसके विकल्प मौजूद हैं। अधिकारियों के मुताबिक ओमान और बांग्लादेश जैसी टीमें बैकअप विकल्प के तौर पर उपलब्ध हैं। ऐसे में पाकिस्तान की अनुपस्थिति से टूर्नामेंट पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा।
पहले भी टूर्नामेंट से हट चुका है पाकिस्तान
यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तान ने भारत में आयोजित किसी हॉकी प्रतियोगिता को लेकर आपत्ति जताई हो। इससे पहले भी जूनियर हॉकी विश्व कप और एशिया कप जैसे आयोजनों में पाकिस्तान ने हिस्सा लेने से इनकार किया था। अब एशियन चैंपियंस ट्रॉफी से पहले फिर ऐसा ही विवाद सामने आया है। हालांकि फिलहाल नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पाकिस्तान सरकार अपनी टीम को भारत आने की अनुमति देती है या नहीं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले इस मुद्दे पर अंतिम तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।