प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फ्रांस के एवियन शहर में G-7 समिट में शामिल हुए। समिट के आउटरीच सेशन में पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक-दूसरे के बगल में मौजूद थे। दोनों नेताओं की मुलाकात 16 माह बाद हुई है। इस दौरान पीएम मोदी ने ट्रंप को सच्चाई से रूबरू किया।
जी-7 समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत हमेशा से ह्यूमैनिटी फर्स्ट (मानवता सबसे पहले) नजरिए के साथ आगे बढ़ता रहा है और सबको साथ लेकर चलने वाले वैश्विक विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फ्रांस में हो रहे जी-7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में हिस्सा लेते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया में अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत करने के लिए भरोसा बहुत जरूरी है।
एकजुटता पर आधारित साझेदारी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया को अब सिर्फ मदद देने वाले रिश्ते से आगे बढ़कर बराबरी और एकजुटता पर आधारित साझेदारी की ओर जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने कहा कि भारत का ‘मानवता पहले’ वाला दृष्टिकोण अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन, ग्लोबल बायोफ्यूल अलायंस, मिशन 'लाइफ' और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसी पहलों में दिखाई देता है।
मोबिलिटी, डेटा, कैपिटल, टेक्नोलॉजी ये सभी हमें आपस में जोड़ते हैं
पीएम मोदी ने इस दौरान जी-7 समिट को संबोधित करते हुए कहा कि आज का विश्व पहले से कहीं ज्यादा आपस में जुड़ा हुआ है और एक-दूसरे पर निर्भर है. किसी भी देश की ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और आर्थिक समृद्धि केवल उसकी सीमाओं के भीतर तय नहीं होती. मोबिलिटी, डेटा, कैपिटल, टेक्नोलॉजी ये सभी हमें आपस में जोड़ते हैं. ऐसे समय में पार्टनरशिप का महत्व स्वाभाविक रूप से बढ़ जाता है लेकिन साझेदारियां तभी सफल होती हैं जब उनके केंद्र में विश्वास हो.
विकास के अवसर कुछ देशों तक सीमित नहीं रहेंगे
आज सबसे महत्वपूर्ण स्ट्रैटेजिक एसेट कोई खनिज, तकनीक या बाजार नहीं बल्कि आपसी विश्वास है. उन्होंने कहा कि विश्वास कि तकनीक और सप्लाई चेन को हथियार के रूप में नहीं ग्लोबल गुड के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. विश्वास है कि विकास के अवसर कुछ देशों तक सीमित नहीं रहेंगे. विश्वास है कि वैश्विक संस्थान सभी देशों की आकांक्षाओं को पूरा करने में सक्षम होंगे.