PM Modi interacts with Gen-Z: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 8 सितंबर को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। दौरे की शुरुआत गुजरात के वडोदरा से होगी, जहां वह 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मुंबई पहुंचकर ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे। वडोदरा का कार्यक्रम खास तौर पर युवाओं और Gen-Z को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री विद्यार्थियों, स्टार्टअप फाउंडर्स और युवा इनोवेटर्स से संवाद करेंगे।
Gen-Z से सीधे संवाद पर खास फोकस
वडोदरा के महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी के पवेलियन ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम का स्वरूप पारंपरिक राजनीतिक रैली से अलग रखा गया है। रिपोर्टों के मुताबिक कार्यक्रम में 6 हजार से अधिक विद्यार्थी, युवा स्टार्टअप फाउंडर्स और इनोवेटर्स शामिल होंगे। चर्चा का केंद्र तकनीक, नवाचार, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका रहने की उम्मीद है। कार्यक्रम को देश के दूसरे शैक्षणिक संस्थानों तक भी लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
Y-आकार का रैंप और हाईटेक सेटअप बना चर्चा में
कार्यक्रम की तैयारियों में सबसे ज्यादा चर्चा इसके हाईटेक मंच की हो रही है। आयोजन स्थल पर प्रधानमंत्री के लिए Y-आकार का रैंप तैयार किया गया है, जिसके जरिए वह मंच से आगे बढ़कर दर्शकों के करीब पहुंच सकेंगे। कार्यक्रम के लिए ब्रॉडकास्ट-ग्रेड 4K कैमरों और आधुनिक प्रोडक्शन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। आयोजन की यह शैली पारंपरिक सरकारी कार्यक्रमों की तुलना में ज्यादा इंटरैक्टिव और युवा-केंद्रित नजर आ रही है।
डिजिटल रजिस्ट्रेशन ने भी खींचा ध्यान
वडोदरा के कार्यक्रम में डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल केवल मंच और प्रसारण तक सीमित नहीं है। पहली बार इस तरह के सरकारी कार्यक्रम के लिए BookMyShow के माध्यम से मुफ्त ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई। रिपोर्टों के मुताबिक रजिस्ट्रेशन शुरू होने के करीब एक घंटे में उपलब्ध सीटें भर गईं और लगभग 42 हजार लोग वेटिंग लिस्ट में पहुंच गए। प्रवेश के लिए QR कोड आधारित व्यवस्था भी रखी गई है, जिससे कार्यक्रम स्थल पर भीड़ प्रबंधन और प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जा सके।
मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का करेंगे उद्घाटन
गुजरात के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री महाराष्ट्र के मुंबई पहुंचेंगे। यहां शाम करीब 5:45 बजे वह ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस वर्ष फिनटेक फेस्ट की थीम “Potential to Impact: Agentic AI, Tokenisation, Quantum - Trusted, Connected, Global Systems for Inclusive Finance” रखी गई है। वहीं वडोदरा में प्रधानमंत्री 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे, जिनमें रेलवे, हाईवे और गुजरात से जुड़ी कई विकास परियोजनाएं शामिल हैं।