
Rozgar Mela: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17वें रोजगार मेले में 51,000 से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के अपॉइंटमेंट लेटर देने वाले हैं। रोजगार मेले का कार्यक्रम देशभर में अलग-अलग जगहों पर आयोजित किया जा रहा है, जहां चयनित युवाओं को सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र मिलेंगे। बता दें कि पीएम मोदी इस मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के युवाओं को संबोधित भी करेंगे।
किसी भी प्रकार का नहीं लगेगा शुल्क
आपको बता दें कि रोजगार मेला का आयोजन 24 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा। इस रोजगार मेला में युवाओं को सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, अकाउंटेंट, कंप्यूटर ऑपरेटर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कस्टमर सपोर्ट एसोसिएट, एग्जीक्यूटिव जैसे पदों पर नियुक्त किया जाएगा। इस मेले में भाग लेने के लिए आपको किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देगा, बस आपको ऑफिशियल वेबसाइट rojgaarsangam.up.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। बता दें कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक देशभर में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 10 लाख से अधिक युवाओं को नौकरी के अपॉइंटमेंट लेटर दिए जा चुके हैं।
किस दिन किस जिले में लगेगा रोजगार मेला
प्रधानमंत्री का यह कदम युवाओं के लिए नई उम्मीदों का संदेश माना जा रहा है। बता दें कि 24 से 25 अक्टूबर को इटावा में 100 पदों पर भर्ती की जाएगी, तो वहीं 24 अक्टूबर को भदोही में रोजगार मेले का आयोजन 300 पदों के लिए किया जाएगा। 25 अक्टूबर को मेरठ क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय में 350 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को एटा के कल्याणी पीजी कॉलेज में 593 पदों, 28 अक्टूबर को बांदा के आरपी प्राइवेट आईटीआई में 20 पदों, 29 अक्टूबर को ललितपुर में 674 पदों, 29 से 30 अक्टूबर को खेरी में 50 पदों, 30 अक्टूबर को कौशांबी में 500 पदों और 31 अक्टूबर को खेरी (आईटीआई राजापुर) में 250 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।