
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी 4 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में युवाओं के लिए 62,000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की शुरुआत करेंगे। इस दौरान कौशल दीक्षांत समारोह का चौथा संस्करण भी आयोजन होगा, जहां 46 आईटीआई टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री इस मौके पर पीएम-सेतु (प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआईज) योजना लॉन्च करेंगे। इस योजना में 60,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा और इसके तहत देशभर की 1,000 सरकारी आईटीआई को अपग्रेड किया जाएगा। इनमें 200 हब आईटीआई और 800 स्पोक आईटीआई शामिल होंगी।
योजना को विश्व बैंक का सहयोग मिलेगा
प्रत्येक हब 4 स्पोक से जुड़ा होगा। इन क्लस्टर्स में डिजिटल लर्निंग सिस्टम, इनोवेशन सेंटर, ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स, प्रोडक्शन यूनिट्स और प्लेसमेंट सर्विसेज होंगी। खास बात यह है कि यह आईटीआई मॉडल सरकारी स्वामित्व में होगा लेकिन इसका प्रबंधन उद्योग साझेदारों द्वारा किया जाएगा। इस योजना को विश्व बैंक और एशियन डेवलपमेंट बैंक का सहयोग मिलेगा। पहले चरण में पटना और दरभंगा के आईटीआई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिक्षक भी प्रशिक्षित किए जाएंगे
इसके अलावा प्रधानमंत्री 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 400 नवोदय विद्यालय और 200 एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल में स्थापित 1,200 व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इन लैब्स में आईटी, ऑटोमोबाइल, कृषि, इलेक्ट्रॉनिक्स, लॉजिस्टिक्स और पर्यटन जैसे 12 प्रमुख क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिलेगा। साथ ही 1,200 व्यावसायिक शिक्षक भी प्रशिक्षित किए जाएंगे।
हर महीने 1,000 रुपये और मुफ्त कौशल प्रशिक्षण मिलेगा
बिहार पर खास जोर देते हुए प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का नया संस्करण लॉन्च करेंगे। इसके तहत हर साल लगभग 5 लाख स्नातक युवाओं को दो साल तक हर महीने 1,000 रुपये और मुफ्त कौशल प्रशिक्षण मिलेगा। साथ ही बिहार छात्र क्रेडिट कार्ड योजना का नया संस्करण भी शुरू किया जाएगा, जिसमें छात्रों को 4 लाख रुपये तक का पूरी तरह ब्याजमुक्त शिक्षा ऋण मिलेगा। अब तक 3.92 लाख छात्रों को 7,880 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण दिए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री बिहार युवा आयोग का भी उद्घाटन करेंगे, जो 18 से 45 वर्ष के युवाओं के लिए वैधानिक आयोग होगा।