.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D30638018-7c21-4dee-9886-6829b8e6be5c&w=3840&q=75)
PM Modi visit Punjab and Himachal: देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। खासकर पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में हालात बेहद खराब हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (9 सितंबर) को पंजाब और हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। वह बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे, पीड़ितों से मुलाकात करेंगे और अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी करेंगे। केंद्र सरकार ने दोनों ही राज्यों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
हिमाचल में करेंगे समीक्षा बैठक
पीएम मोदी दोपहर करीब 1:30 बजे हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा पहुंचेंगे। यहां वह हवाई सर्वेक्षण करने के बाद बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीमों के साथ बातचीत करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे और राहत व पुनर्वास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे। हिमाचल में इस मानसून सीजन में भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ और अन्य घटनाओं में 366 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे राज्य में हालात बेहद चिंताजनक हैं।
पंजाब में भी करेंगे हवाई सर्वेक्षण
इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3 बजे पंजाब का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। शाम 4:15 बजे वह गुरदासपुर पहुंचेंगे, जहां वरिष्ठ अधिकारियों और राहत कार्य में जुटी टीमों से मुलाकात करेंगे। पंजाब में बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। राज्य के कई गांव जलमग्न हो गए हैं और 1.75 लाख हेक्टेयर से ज्यादा कृषि भूमि पर खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। लाखों लोग बेघर हो चुके हैं और कई लोगों की जान भी जा चुकी है। इस बीच सेना, एनडीआरएफ और बीएसएफ सहित तमाम एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा प्रभावित राज्यों में राहत कार्यों को और तेज करने और पीड़ितों को केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव मदद का भरोसा दिलाने के उद्देश्य से बेहद अहम माना जा रहा है।