
15 August: स्वतंत्रता दिवस 2025 पर लाल किले की प्राचीर से दिए अपने ऐतिहासिक भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को एक विशेष आर्थिक तोहफे का आश्वासन दिया.. उन्होने देश को साफ संदेश देते हुए कहा दिवाली से पहले नेक्स्ट-जनरेशन GST सुधार लागू किए जाएंगे। उनका यह एलान न केवल बाजार को नई दिशा देगा, बल्कि आम नागरिक, विशेषकर मध्यमवर्ग और युवाओं, को प्रत्यक्ष राहत देगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये सुधार रोजमर्रा की वस्तुओं पर टैक्स घटाने के उद्देश्य से होंगे, जिससे जीवनयापन का खर्च कम होगा और खपत को प्रोत्साहन मिलेगा।
रोजगार के क्षेत्र में बड़ा ऐलान
इस साल का भाषण केवल कर सुधारों तक सीमित नहीं रहा। पीएम मोदी ने युवाओं के लिए ₹1 लाख करोड़ की योजना की भी घोषणा की, जिसे “राष्ट्रीय नवाचार एवं कौशल विकास योजना” कहा गया। यह योजना विशेष रूप से स्टार्टअप्स, उद्योगों, और तकनीकी कौशल आधारित नौकरियों को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई है। इसका उद्देश्य है – युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना, और उन्हें बदलते वैश्विक के हिसाब से तैयार करना होगा।
छोटे व्यापारियों और मिडिल क्लास को मिलेगी बड़ी राहत
प्रधानमंत्री ने कहा कि जीएसटी में आने वाले बदलावों से छोटे और मझौले व्यापारियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। सरकार अब टैक्स प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, सरल और डिजिटल बना रही है। इससे व्यापार करना आसान होगा और कर प्रणाली में ईमानदार सहभागिता बढ़ेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य है कि "व्यापारी अपना व्यापार करें, टैक्स का बोझ न सहें, बल्कि सम्मान पाएँ।"
विकसित भारत का खाका: 2047 की तैयारी आज से
मोदी जी का भाषण केवल आर्थिक राहत तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, “जैसे आज़ादी के लिए करोड़ों देशवासियों ने योगदान दिया, वैसे ही विकसित भारत का सपना हर नागरिक के सामूहिक प्रयास से साकार होगा।” उनकी यह सोच बताती है कि सरकार केवल आज की समस्याओं का हल नहीं खोज रही, बल्कि भविष्य की नींव भी मजबूत कर रही है।
समावेशी विकास का संदेश
मोदी ने अपने भाषण में बार-बार दोहराया कि यह समय राजनीतिक संघर्ष का नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का है। उन्होंने हर नागरिक, विशेषकर युवाओं, महिलाओं और किसानों को भारत के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
उन्होने कहा कि “मैं किसी का समर्थन नहीं माँगता, बल्कि सभी से साथ चलने का आग्रह करता हूँ,” इस बार लाल किले से दिया गया प्रधानमंत्री मोदी का संदेश केवल परंपरागत भाषण नहीं है, बल्कि यह एक दिशा-निर्देश, आश्वासन, और प्रेरणा है। GST में सुधार हो या युवाओं के लिए अवसर – यह भाषण बताता है कि सरकार अब नीतिगत घोषणाओं से आगे बढ़कर धरातल पर बदलाव लाने के लिए तैयार है।