
PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर में कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ आगमन राज्य के लिए गौरव का अवसर है और इस मौके पर प्रदेश की संस्कृति, विकास और आत्मगौरव की झलक हर स्थल पर दिखनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, स्वच्छता और आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
जनजातीय संग्रहालय बनेगा अस्मिता का प्रतीक
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री साय ने सबसे पहले श्रीसत्य साईं हॉस्पिटल और प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र का दौरा किया, जहां उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा और सभागार व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का निरीक्षण किया और कहा कि यह संग्रहालय छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत और शौर्य का जीवंत प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि संग्रहालय का हर अनुभाग आगंतुकों को प्रदेश के वीरों के बलिदान और गौरवगाथा से गहराई से जोड़े।
यह भी देखेंःJ&K Rajya Sabha Elections: 370 के बाद पहली बार हुआ मतदान, क्या बीजेपी बनाएगी नया इतिहास?
राज्योत्सव स्थल पर तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री साय ने नवा रायपुर के राज्योत्सव स्थल का भी जायजा लिया और वहां की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, वीआईपी दीर्घा, पार्किंग और आमजन के मार्गों की स्थिति देखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और संस्कृति का उत्सव है, इसलिए इस आयोजन को उत्कृष्टता की मिसाल बनाया जाए। इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।