Solar Subsidy Eligibility : बिजली बिल कम करने और स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग सोलर पैनल लगवा रहे हैं। केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सब्सिडी भी दी जाती है, लेकिन इसका लाभ सभी लोगों को नहीं मिलता। योजना के लिए कुछ तय पात्रता शर्तें हैं, जिन्हें पूरा करना जरूरी है।
सब्सिडी पाने के लिए कौन पात्र है?
पीएम सूर्य घर योजना के तहत सब्सिडी पाने के लिए आवेदक का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। घर में वैध बिजली कनेक्शन होना चाहिए और जिस मकान पर सोलर पैनल लगना है उसकी छत उपयुक्त स्थिति में होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदक किसी अन्य सोलर सब्सिडी योजना का लाभ नहीं ले रहा हो। यह योजना केवल आवासीय मकानों के लिए लागू है।
किन लोगों को नहीं मिलेगा लाभ?
फैक्ट्री, उद्योग, दुकान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और कार्यालयों पर लगाए गए सोलर पैनलों को इस योजना के तहत सब्सिडी नहीं मिलती। सरकारी कार्यालयों और अन्य सरकारी भवनों पर लगाए गए सोलर सिस्टम भी इस योजना के दायरे से बाहर हैं।
ये भी पढ़ें : Amul का दही असली या नकली? वायरल वीडियो में पैकेट के फर्क ने मचाया हड़कंप
रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी
अगर कोई व्यक्ति योजना के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कराए बिना सोलर पैनल लगवा लेता है तो उसे सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा। पहले आवेदन, मंजूरी और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। इसके बाद ही सब्सिडी के लिए दावा किया जा सकता है।
योजना का मुख्य उद्देश्य
सरकार का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को सस्ती और स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराना है। इसके जरिए लोग अपने बिजली बिल में बचत कर सकते हैं और अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर आय भी प्राप्त कर सकते हैं।
आवेदन से पहले क्या करें?
सोलर पैनल लगवाने से पहले योजना की पात्रता, सब्सिडी राशि और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी जरूर लें। इससे बाद में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी और आप सरकारी सहायता का पूरा लाभ उठा सकेंगे।