
नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2025 को ऐलान किया कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM Viksit Bharat Rojgar Yojana - PMVBRY) अब पूरे देश में लागू हो गई है. इस योजना का मकसद युवाओं को रोजगार देना और कंपनियों को ज्यादा भर्तियां करने के लिए प्रोत्साहित करना है. योजना के तहत पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को ₹15,000 रुपए दिए जाएंगे और नौकरी देने वाली कंपनियों को भी सरकार की ओर से आर्थिक मदद मिलेगी.
कैबिनेट से कब मिली मंजूरी?
इस योजना को 1 जुलाई 2025 को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई थी. अब 15 अगस्त से यह योजना लागू हो चुकी है. पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से कहा, "हम देश के युवाओं के लिए ₹1 लाख करोड़ की योजना शुरू कर रहे हैं, जिससे अगले दो साल में 3.5 करोड़ नौकरियां पैदा होंगी."
ये भी पढ़ें : किश्तवाड़ आपदा: बादल फटने से तबाही, अब तक 65 की मौत, 100 से ज्यादा लोग लापता
कौन-कौन ले सकता है ₹15,000 का फायदा?
यह लाभ केवल प्राइवेट सेक्टर में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को मिलेगा. 1 अगस्त 2025 के बाद नौकरी ज्वाइन करने वालों को ही यह लाभ दिया जाएगा. पहली बार EPFO (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) में रजिस्टर होने पर योजना का फायदा अपने-आप मिल जाएगा. आपकी मासिक सैलरी ₹1 लाख या उससे कम होनी चाहिए.
कितना और कब मिलेगा पैसा?
आपको कुल ₹15,000 मिलेंगे, लेकिन यह रकम दो किस्तों में दी जाएगीः
1. पहली किस्त: 6 महीने तक लगातार नौकरी करने के बाद
2. दूसरी किस्त: 12 महीने पूरा करने के बाद
अगर बीच में नौकरी छोड़ दी, तो अगली किस्त नहीं मिलेगी. यह योजना 31 जुलाई 2027 तक लागू रहेगी. यानी अगर आपने 1 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 के बीच पहली नौकरी ज्वाइन की है, तो आप इसमें शामिल होंगे. इसके लिए आपको अलग से आवेदन करने की ज़रूरत नहीं है. जब आपकी नौकरी लग जाएगी और आप EPFO में रजिस्टर हो जाएंगे, तो आपका नाम अपने-आप योजना में जुड़ जाएगा.
कंपनियों को क्या फायदा होगा?
सरकार केवल युवाओं को ही नहीं, बल्कि कंपनियों को भी प्रोत्साहित करेगी. हर नए कर्मचारी (जिसकी सैलरी ₹1 लाख या कम हो) पर कंपनी को ₹3,000 रुपए प्रति माह तक का प्रोत्साहन मिलेगा. यह प्रोत्साहन दो साल तक मिलेगा. मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की कंपनियों को यह मदद तीसरे और चौथे साल तक भी दी जाएगी.