Poisonous liquor Wreaks: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में जहरीली शराब पीने से तीन युवकों की मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। दौराला क्षेत्र में हुई इस घटना ने न सिर्फ तीन परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि प्रशासन को भी सतर्क कर दिया है। एहतियात के तौर पर मंदिरों और मस्जिदों से मुनादी कर लोगों को शराब से दूर रहने की चेतावनी दी गई।
इलाके में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम तीनों युवक साथ बैठकर देसी शराब पी रहे थे। शराब पीने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
जांच के घेरे में ‘बंटी जीरा’ शराब
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। ‘बंटी जीरा मसाला’ नाम की देसी शराब संदेह के घेरे में है। फोरेंसिक टीम ने मौके से शराब के पाउच बरामद कर सील कर दिए हैं और उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। मिलावट की आशंका भी जताई जा रही है।
यह भी देखेंःBaba Ramdev expressed his support: नाजुक वैश्विक हालात में मोदी की कूटनीति सही, बाबा रामदेव ने जताया समर्थन
जांच जारी
आबकारी विभाग के अनुसार, जांच में सामने आया है कि मृतक शराब ठेके से शराब खरीदते हुए सीसीटीवी फुटेज में नजर नहीं आए। इससे यह सवाल खड़ा हो गया है कि उन्हें शराब कहां से मिली। पुलिस अब सप्लाई चेन और अवैध शराब के नेटवर्क की जांच कर रही है।
सख्त कार्रवाई के आदेश
घटना के बाद प्रशासन ने इलाके के देसी शराब ठेकों को बंद करवा दिया और सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है। संबंधित ठेके को सील कर सेल्समैन को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को जहरीली शराब से जुड़ा मानते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।