
यूपी के बरेली में हुए बवाल के दो और आरोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया। दोनों के पैर में गोली लगी है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बवाल के दौरान फायरिंग के साथ पथराव भी किया. इनकी गिरफ्तारी सीबीगंज इलाके से सामने आई। बीते मंगलवार को पुलिस ने एनकाउंटर में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस को हथियार भी मिले
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने आज जिन दो आरोपियों का हाफ एनकाउंटर किया, उनके नाम इदरीस और इकबाल हैं. दोनों शाहजहांपुर के निवासी हैं। इन्हें घायल हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों के पास से पुलिस को हथियार भी मिले। इन पर 26 सितंबर को इस्लामिया इंटर कॉलेज इलाके में दंगे के दौरान पुलिस पर फायरिंग के साथ एक सिपाही की सरकारी एंटी-रायट गन लूटने का आरोप है।
हाइवे पुलिया के पास रोकने का प्रयास किया
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इदरीस और इकबाल नामक दो अपराधियों को बंडिया नहर हाइवे पुलिया के पास रोकने का प्रयास किया। उन्होंने पुलिस पर फायरिंग आरंभ कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी। दोनों को घायल हालात में गिरफ्तार किया गया।
आपको बता दें कि पुलिस ने जिन लोगों को पकड़ा है, उनमें मौलाना तौकीर रजा और उसके वो गुर्गे हैं, जिन्होंने बरेली में एक योजना के तहत हिंसा को भड़काने का प्रयास किया था। पुलिस ने इस केस में तौकिर रजा के करीबी माने जाने वाले शमशाद को भी गिरफ्तार किया।