मुजफ्फरनगर। कुख्यात माफिया सुशील मूंछ के दोनों बेटों समेत तीन पर मन्सूरपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की है। कुछ दिन पूर्व आरोपियों ने जनपद के रीयल एस्टेट कारोबारी से 50 लाख की रंगदारी मांगी थी। पुलिस गैंगस्टर में नामजद किए गए तीनों आरोपियों की जल्द ही सम्पत्ति को चिन्हित करेगी।
कुख्यात माफिया सुशील मूंछ निवासी मथेडी थाना रतनपुरी पिछले काफी समय से भूमिगत है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। वह नईमंडी समेत अन्य थानों से वांछित चल रहा है। पुलिस ने उस पर इनाम भी घोषित कर रखा है। कुछ दिन पूर्व कुख्यात माफिया के बेटे मंजीत उर्फ टोनी, छोटे बेटे अक्षयजीत उर्फ मौनी ने अपने साथी अमरदीप उर्फ भोलू के साथ मिलकर मन्सूरपुर क्षेत्र में रीयल एस्टेट कारोबारी से 50 लाख की रंगदारी मांगी थी। उस समय मन्सूरपुर पुलिस ने अक्षयजीत उर्फ मौनी व अमरदीप उर्फ भोलू को मुठभेड में गिरफ्तार किया था। मुठभेड के दौरान दोनों पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए थे।
मन्सूरपुर थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र का कहना कि तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंग चार्ट तैयार कर अनुमोदन के लिए भेजा गया। डीएम ने मामले में तीनों पर गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। गैंग को मंजीत उर्फ टोनी चलाता है, जबकि अन्य दोनों गैंग के सक्रिय सदस्य है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।