Route Diversion Plan: फाल्गुन मास की शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को लेकर जनपद की पुलिस और यातायात विभाग ने कमर कस ली है। शिवालयों में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली शिवभक्तों की भारी भीड़ और उनकी सुरक्षा के मद्देनजर बुलंदशहर पुलिस ने व्यापक रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 12 फरवरी 2026 की रात आठ बजे से शुरू होकर 15 फरवरी की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ और मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं मिलेगा, उन्हें वैकल्पिक मार्गों से गंतव्य तक भेजा जाएगा।
भारी वाहनों के लिए कुछ मार्गों पर नो एंट्री
ट्रेफिक इंस्पेक्टर राजपाल तोमर ने बताया कि भारी वाहनों के लिए कुछ मार्गों पर नो एंट्री की गई है। ट्रक, कैंटर आदि भारी वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था की है, जिससे कि कांवड़ियों के मार्ग में कोई बाधा न आए। बताया कि दिल्ली-गाजियाबाद से मुरादाबाद-बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को लाल कुआं, से सिकंदराबाद वहां से शिकारपुर तिराहा होते हुए डिबाई और नरौरा गंगा बैराज से होते हुए बबराला और सम्भल के रास्ते निकाला जाएगा। वहीं, मेरठ-हापुड़ से मुरादाबाद-बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को एनएच-24 से डासना होकर ईस्टर्न पेरिफेरल (जोखाबाद) से होते हुए बुलंदशहर, शिकारपुर और नरौरा मार्ग से निकाला जाएगा।
मेरठ जाने वाले मार्ग पर नहीं चलेंगे भारी वाहन
वहीं, अलीगढ़ से मेरठ जाने वाले वाहनों को खुर्जा और सिकंदराबाद से होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल के रास्ते डासना और किठौर की ओर डायवर्जन किया जाएगा। दिल्ली जाने वाले वाहन बरेली, रामपुर और सम्भल होते हुए भारी वाहन नरौरा और अतरौली होते हुए अलीगढ़ के रास्ते दिल्ली जाएंगे। साथ ही भीमपुर दौराहा डिबाई से अनूपशहर की ओर और ताल बिबियाना अहमदगढ़ से जहांगीराबाद की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। साथ ही, भूड़ चौराहा से गुलावठी होकर मेरठ जाने वाले मार्ग पर भी भारी वाहन नहीं चल सकेंगे।
हल्के और छोटे वाहनों का ये रहेगा रूट चार्ट
दिल्ली-गाजियाबाद से मुरादाबाद की ओर जाने वाले छोटे वाहन सिकंदराबाद से भूड़ चौराहा बाईपास होते हुए शिकारपुर तिराहा, डिबाई होते हुए गंगा बैराज से जा सकेंगे। मेरठ-हापुड़ से सम्भल की ओर जाने वाले वाहन सोना फ्लाईओवर से एनएच-34 पर दाहिनी लेन लेकर गुलावठी से भूड़ चौराहा और शिकारपुर होते हुए नरौरा के रास्ते जाएंगे। वहीं, अलीगढ़ से मेरठ जाने वाले हल्के वाहन अरनिया, बुलंदशहर भूड़ चौराहा और गुलावठी होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
आपातकालीन स्थिति के लिए प्लान-बी तैयार
पुलिस प्रशासन ने यातायात के दबाव को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था भी की है। यदि बरेली-मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले मार्ग (वाया अतरौली) पर जाम की स्थिति बनती है, तो वाहनों को नरौरा, डिबाई, छतारी और पहासू होते हुए खुर्जा के रास्ते दिल्ली भेजा जाएगा।
एसएसपी ने की अपील
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने आमजन से अपील की है कि वे शिवरात्रि पर्व और कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस का सहयोग करें। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और ट्रैफिक कर्मी तैनात किए गए हैं। अनावश्यक जाम से बचने के लिए लोग निर्धारित रूट का ही प्रयोग करें। स्याना अड्डा से अनूपशहर की ओर भारी वाहनों पर पूर्ण पाबंदी रहेगी, जिससे कि श्रद्धालुओं को पैदल यात्रा में कोई असुविधा न हो।