शहर में बनाए गए 17 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती की लिखित परीक्षा पारदर्शिता के साथ शांतिपूर्वक संपन्न हुई। दो पारियों में संपन्न हुई इस परीक्षा में 15360 परीक्षार्थियों में से 10826 परीक्षार्थी ही परीक्षा देने के लिए पहुंचे जबकि 4534 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत एवं एएसपी सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा परीक्षा के दौरान लगातार परीक्षा केंद्रों पर भ्रमण कर निरीक्षण करते रहे।
4,534 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे
पुलिस के अनुसार शनिवार 14 मार्च को मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा की लिखित परीक्षा दो पालियों में जनपद के 17 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की गयी। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रथम दिन उक्त परीक्षा में कुल 15,360 अभ्यर्थियों को सम्मिलित होना था, जिसमें से 10,826 अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा में प्रतिभाग किया गया, जबकि 4,534 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया
परीक्षा के दौरान समस्त केन्द्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी की सुदृढ़ व्यवस्था रखी गयी तथा एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत और एएसपी सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा और अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। मुजफ्फरनगर पुलिस के सतर्क प्रबंधन, प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था तथा अधिकारियों एवं पुलिस बल के कठिन परिश्रम के फलस्वरूप प्रथम दिन सभी सत्रह परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा को शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन, रोडवेज, बस स्टैंड और अन्य स्थानों पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई थी।