पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में पुलिस को निशाना बनाकर किए गए दो अलग-अलग हमलों में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को खैबर पख्तूनख्वा के वज़ीर उप-मंडल स्थित खोनिया खेल पुलिस चेक पोस्ट पर हथियारबंद हमलावरों ने फायरिंग की। सूत्रों के अनुसार, जवाबी कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मी नूर मोहम्मद घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। एक अन्य घटना में, मिराखेल पुलिस टीम को उस समय निशाना बनाया गया जब वे एक हत्या के शिकार व्यक्ति का शव बन्नू के डेरा इस्माइल रोड से अस्पताल ले जा रहे थे। सूत्रों ने बताया कि हथियारबंद हमलावरों की फायरिंग में अजमत नामक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में छह हमलावर शामिल थे, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी
इससे पहले 3 फरवरी को खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मरवत जिले में एक पुलिस रिक्रूट कांस्टेबल की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। यह घटना सराय नौरंग इलाके के पास नस्रखेल स्थित दरगा जंगल में हुई थी। जिला पुलिस प्रवक्ता कुदरतुल्लाह ने बताया कि मृतक कांस्टेबल हंगू ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षण ले रहा था। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने कांस्टेबल को मंगलवार रात उसके घर से अगवा किया और दरगा नामक जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
हिंसा का लगातार पांचवां साल बन गया
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में सरकार और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के बीच संघर्षविराम समझौता समाप्त होने के बाद से पाकिस्तान में, खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में, आतंकी गतिविधियों में तेज़ी से इजाफा हुआ है। जनवरी में आई एक रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में पाकिस्तान की सुरक्षा स्थिति में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे यह देश में बढ़ते संघर्ष और हिंसा का लगातार पांचवां साल बन गया।