उत्तर प्रदेश की राजनीति हमेशा अप्रत्याशित मोड़ लेती है, लेकिन इस बार लड़ाई कुछ अलग है। विकास, रोजगार और कानून-व्यवस्था के बीच अचानक ‘प्रतीक चिन्ह’ सियासत का नया एजेंडा बन गए हैं। बीजेपी ने अटल बिहारी वाजपेयी, दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर बड़े प्रेरणा स्थल और स्मारक बनाने का ऐलान कर दिया, और इसी के बाद विपक्ष ने पूरे मुद्दे को 2027 की चुनावी योजना से जोड़ना शुरू कर दिया। यह पहली बार है जब यूपी में तीनों बड़ी पार्टियां सपा, बसपा और बीजेपी एक ही मैदान में आमने-सामने खड़ी दिख रही हैं, और वो मैदान है सियासी प्रतीकों का खेल.
बीजेपी कर रही ‘कॉपी-पॉलिटिक्स’
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि महापुरुषों का सम्मान अच्छी बात है, लेकिन BJP सिर्फ दिखावे का सम्मान करती है। उन्होंने दावा किया कि अटल जी के नाम पर बना विश्वविद्यालय आज भी किसी दूसरे कैंपस में चल रहा है। बसपा ने भी जवाबी हमला बोला और कहा कि उनकी मूर्तियाँ उन महापुरुषों के लिए थीं जिन्हें पहले कभी सम्मान नहीं मिला। बसपा अध्यक्ष विश्वनाथ पाल के मुताबिक बाबा साहब और दलित महापुरुषों के सम्मान के लिए बसपा ने जो किया, उसकी बराबरी कोई और नहीं कर सकता। विपक्ष का तर्क साफ है —बीजेपी उन्हीं रास्तों पर चल रही है जिन्हें उन्होंने पहले ही तैयार किया था।
बीजेपी की सफाई- ये राजनीति नहीं
दूसरी ओर बीजेपी ने विपक्ष की आलोचना को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पार्टी प्रवक्ता अवनीश त्यागी का कहना है कि यह सिर्फ मूर्तियाँ नहीं बल्कि नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाले स्थल हैं। बीजेपी का दावा है कि विपक्ष हर अच्छे काम को राजनीतिक चश्मे से देखता है, जबकि सरकार का उद्देश्य महापुरुषों के योगदान को भविष्य की पीढ़ी तक पहुँचाना है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी 2027 से पहले एक वैचारिक और भावनात्मक कनेक्ट बनाने की कोशिश कर रही है, जो चुनावों में असर डाल सकता है।
चुनावी राजनीति में बड़ा सवाल बाकी
प्रतीक चिन्हों और स्मारकों की इस राजनीतिक जंग के बीच असली सवाल यह है कि क्या UP का चुनाव अब विकास के बजाय प्रतीकों पर लड़ा जाएगा? सियासी दल मूर्तियों और स्मारकों की नींव गाड़ रहे हैं, लेकिन जनता बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है। विश्लेषकों का कहना है कि यह मुकाबला सिर्फ राजनीतिक छवि चमकाने का साधन न बन जाए, क्योंकि 2027 का चुनाव यह तय करेगा कि जनता विकास पर वोट देगी या फिर प्रतीक चिन्हों के सियासी संदेश पर.