Gopal Murder Case: ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में छात्र गोपाल शर्मा की हत्या का मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गंभीर मुद्दा बन गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस अमानवीय घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है।
डिप्टी सीएम ने जताया दुख
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना पर दुख जताते हुए कहा कि 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की हत्या बेहद पीड़ादायक और अमानवीय है। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
ब्रजेश पाठक ने बताया कि उन्होंने अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और डीजीपी राजीव कृष्ण के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हत्या में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री से मिले जेवर विधायक
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार चाहती है कि निष्पक्ष जांच हो और असली दोषियों को कड़ी सजा मिले।
यह भी देखेंःVinesh Phogat को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, एशियन गेम्स ट्रायल्स में उतरेंगी स्टार पहलवान
लोगों से संयम बनाए रखने की अपील
विधायक धीरेंद्र सिंह ने क्षेत्र की जनता से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता से जांच कर रही है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी निर्दोष को परेशान न किया जाए।
एनकाउंटर के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र के मुताबिक, साबौता रजवाहे के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
21 मई से लापता था छात्र
पुलिस के अनुसार, नौवीं कक्षा का छात्र गोपाल शर्मा 21 मई की शाम से लापता था। अगले दिन उसका शव पड़ोसी गांव रोही के एक बंद पड़े मकान में मिला था। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।