भोपाल। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए खास कदम उठाया है। त्योहारों में भारी भीड़ और यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए रानी कमलापति से दानापुर के बीच द्वि-साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन 27 सितंबर से 2 नवंबर तक कुल 11-11 फेरे लगाएगी। इससे त्योहारों के समय घर लौटने और वापस आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह रहे ट्रेन के स्टॉपेज और समय
पूजा स्पेशल ट्रेन (01667) हर शनिवार और मंगलवार को रानी कमलापति स्टेशन से दोपहर 2:25 बजे रवाना होगी। यह नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर और सतना होते हुए अगले दिन सुबह 8:45 बजे दानापुर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन (01668) हर रविवार और बुधवार को सुबह 11:00 बजे दानापुर से रवाना होगी। प्रयागराज छिवकी होते हुए यह ट्रेन रात को सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया और इटारसी से होकर गुजरेगी और अगले दिन सुबह 8:55 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी।
त्योहारों में मिलेगी राहत
त्योहारों के दौरान सबसे बड़ी परेशानी होती है कंफर्म टिकट न मिलना। पूजा स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अन्य साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। रेलवे का मानना है कि इससे न सिर्फ यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि स्टेशनों पर होने वाली भीड़ भी नियंत्रित हो सकेगी।
यात्रियों में खुशी की लहर
त्योहारों के समय घर लौटने वालों के लिए यह घोषणा राहत भरी है। खासकर बिहार और पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिल जाएगी। इस ट्रेन के कारण यात्रियों को लंबी वेटिंग और टिकट की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिलेगा।