Portugal Cricket History : फुटबॉल के लिए दुनिया भर में मशहूर पुर्तगाल अब क्रिकेट में भी अपनी पहचान मजबूत करता नजर आ रहा है। आईसीसी मेंस T20 वर्ल्ड कप यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर सी 2026 के फाइनल में पुर्तगाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन को 57 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम ने T20 वर्ल्ड कप 2028 तक पहुंचने की अपनी उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है।
कप्तान मोजेज हेनरिकेस की अगुवाई में चमकी टीम
फिनलैंड के केरावा में खेले गए फाइनल मुकाबले में पुर्तगाल की कमान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर मोजेज हेनरिकेस के हाथों में थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुर्तगाल ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 160 रन बनाए। टीम को धवलकुमार नोरोतम और क्रिस्टोफर डी फ्रेटस ने अच्छी शुरुआत दी, जबकि बाद में क्रेग कैचोपा, कार्लोस नून्स और जेरेमी मार्टिंस ने तेज रन जोड़कर स्कोर को मजबूत बनाया।
स्पेन की जीत की लय टूटी
161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पेन की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। पुर्तगाल के गेंदबाजों ने शुरुआती झटके देकर मुकाबले पर पकड़ बना ली। स्पेन के पहले तीन बल्लेबाज सिर्फ 32 रन तक पवेलियन लौट गए। यासिर अली और डेनियल डॉयल कैले ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और टीम वापसी नहीं कर सकी।
गेंदबाजों ने दिलाई यादगार जीत
पुर्तगाल की ओर से सेबेस्टियन डी ओलिवेरा और जेरेमी मार्टिंस ने शानदार गेंदबाजी की। इसके बाद सिराज उल्लाह खादिम ने अहम विकेट लेकर स्पेन की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। अंत में जेरेमी मार्टिंस ने आखिरी वार करते हुए स्पेन की पारी समेट दी और पुर्तगाल ने 57 रन की ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली।
2027 यूरोप क्वालिफायर में बनाई जगह
इस खिताबी जीत का सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि पुर्तगाल ने आईसीसी मेंस T20 वर्ल्ड कप यूरोप क्वालिफायर 2027 के लिए सीधा टिकट हासिल कर लिया है। अब वह जर्सी और डेनमार्क जैसी टीमों के साथ अगले दौर में खेलेगा। वहीं स्कॉटलैंड को पहले से ही एंट्री मिल चुकी है।
इसे भी पढ़ें : 64 रन पर ढेर हुआ बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया के सामने बल्लेबाजों ने टेके घुटने, स्टार्क ने रचा इतिहास
वर्ल्ड कप का सपना अब और करीब
पुर्तगाल के लिए यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि क्रिकेट में नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है। अब टीम की नजर 2027 यूरोप क्वालिफायर में दमदार प्रदर्शन कर ग्लोबल क्वालिफायर तक पहुंचने पर है। अगर पुर्तगाल इसी तरह खेलता रहा तो रोनाल्डो के देश को पहली बार क्रिकेट वर्ल्ड कप के बड़े मंच पर देखना कोई हैरानी की बात नहीं होगी।