Kiara Advani: बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने अपनी अपकमिंग फिल्म 'वॉर 2' का नया पोस्टर शेयर किया है, जिसमें वह फुल एक्शन मोड में दिखाई दे रही हैं । इस साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वॉर 2' जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इस फिल्म में बालीवुड स्टार ऋतिक रोशन और साउथ सुपर स्टार जूनियर एनटीआर भी फिल्म में अभिनय करते नजर आएंगे। इसके साथ ही फिल्म में बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी का भी एक्शन देखने को मिलेगा जिसकी झलक पोस्टर में साफ देखी जा सकती है।
फिल्म में एक्शन रोल में दिखेगी कियारा
कियारा आडवाणी ने अपने सोशल अकाउंट इंस्टाग्राम पर गुरुवार के दिन कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं। एक पोस्ट में अभिनेत्री को एक्शन मोड में देखा जा सकता है। इस तस्वीर में एक्ट्रेस ब्लैक आउटफिट में नजर आ रही हैं और हाथ में बंदूक लेकर किसी की ओर निशाना लगाने का प्रयास करती दिख रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने पोस्टर के जरिए बताया कि यह फिल्म हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषा में रिलीज की जाएगी।
फिल्म की रिलीज डेट
फिल्म 'वॉर 2' 14 अगस्त, 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म 2019 की एक्शन थ्रिलर 'वॉर' का सीक्वल है, जिसमें ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ और वाणी कपूर अहम किरदार में थे। 'वॉर' यशराज फिल्म के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा थी, अब 'वॉर 2' भी उसी का हिस्सा है। 'वॉर 2' का निर्देशन अयान मुखर्जी कर रहे हैं, जिसमें जूनियर एनटीआर और ऋतिक रोशन और कियारा आडवाणी लीड रोल में रहेंगे।
ऋतिक रोशन-जूनियर एनटीआर भी दिखे एक्शन मोड में
एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर खुद के अलावा ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की तस्वीरें भी शेयर की। दोनों स्टार पोस्टर में जबरदस्त एक्शन करते दिख रहे हैं। दोनों एक्टर्स की जोड़ी देखने के लिए दर्शक बेसव्री से इंतजार कर रहें हैं।