एक बिजली के खंभे में करंट उतरने से 45 वर्षीय पावरलूम संचालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा किया और विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को समझाते हुए शांत कराया।
बिजली के खंभे में करंट आ गया
लोहियानगर थाना क्षेत्र के अहमदनगर गली नंबर आठ निवासी फुरकान पावरलूम संचालक थे। गुरुवार रात वे घर से कुछ सामान लेने बाहर निकले थे। इसी दौरान घर के बाहर लगे बिजली के खंभे में करंट आ गया। फुरकान जैसे ही खंभे के संपर्क में आए, वे करंट की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए।
उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया
उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में खुले तारों और बिजली के खंभों में करंट उतरने की शिकायतें लंबे समय से की जा रही थीं, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। हंगामे की सूचना मिलते ही लोहियानगर थाना पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।