मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वह जल्द से जल्द बातचीत की दिशा में कदम बढ़ाए। यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका का एक बड़ा और शक्तिशाली नौसैनिक बेड़ा क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है, जिससे तेहरान पर दबाव और बढ़ गया है। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, “हमारा एक बड़ा आर्माडा (नौसैनिक बेड़ा) इस समय वहां की ओर जा रहा है।” उन्होंने इसे “बेहद ताकतवर” बताते हुए कहा कि यह हाल ही में वेनेजुएला से जुड़े अमेरिकी सैन्य तैनाती से भी बड़ा है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि सैन्य बल का इस्तेमाल नहीं करना पड़ेगा। ट्रंप ने कहा, “उम्मीद है कि हमें इसका इस्तेमाल नहीं करना होगा।”
नेतृत्व विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन कर रहा
इसके बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भी चेतावनी को दोहराते हुए लिखा, “एक विशाल आर्माडा ईरान की ओर बढ़ रहा है। यह पूरी ताकत, उत्साह और उद्देश्य के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।” उन्होंने कहा कि इस बेड़े का नेतृत्व विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन कर रहा है और यह वेनेजुएला भेजे गए बेड़े से कहीं बड़ा है।
मिशन पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार
ट्रंप ने कहा कि यह सैन्य बल “जरूरत पड़ने पर तेजी और निर्णायक कार्रवाई के साथ अपना मिशन पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है।” उन्होंने ईरान से बातचीत की अपील करते हुए लिखा, “उम्मीद है कि ईरान जल्द ही बातचीत की मेज पर आएगा और एक निष्पक्ष व संतुलित समझौते पर सहमति बनेगी, जो सभी पक्षों के हित में हो।”
अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का जिक्र किया
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “समय तेजी से निकल रहा है, यह बेहद अहम है।” अगर बातचीत विफल रही तो गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए ट्रंप ने पहले की अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “मैंने पहले भी ईरान से कहा था कि समझौता करो! उन्होंने नहीं किया और ‘ऑपरेशन मिडनाइट हैमर’ हुआ, जिसमें ईरान को भारी नुकसान पहुंचा। अगला हमला इससे कहीं ज्यादा खतरनाक होगा।”