प्रभास का फिल्मी सफर : साउथ से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बना चुके प्रभास आज उन चुनिंदा सितारों में शामिल हैं, जिनकी हर फिल्म एक इवेंट बन जाती है. ‘बाहुबली’ के बाद प्रभास को पैन-इंडिया सुपरस्टार का दर्जा मिला, लेकिन यह सफर उतना आसान नहीं रहा जितना बाहर से दिखता है। उनकी पिछली कुछ फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की, तो कुछ ने उम्मीदों पर पानी भी फेर दिया। अब जब प्रभास अपनी अपकमिंग फिल्म ‘द राजासाब’ को लेकर चर्चा में हैं, तो ऐसे में यह जानना दिलचस्प है कि उससे पहले उनकी 5 बड़ी फिल्मों का हाल कैसा रहा। आइए डालते हैं एक नज़र प्रभास की हिट-फ्लॉप लिस्ट पर.
बाहुबली: द बिगिनिंग और द कन्क्लूजन – ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर
प्रभास के करियर का टर्निंग पॉइंट रही ‘बाहुबली’ फ्रेंचाइज़ी. ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ ने भारतीय सिनेमा को एक नया पैमाना दिया और प्रभास को देश-विदेश में पहचान दिलाई। इसके बाद आई ‘बाहुबली: द कन्क्लूजन’ ने तो सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। कहानी, भव्यता और प्रभास की दमदार स्क्रीन प्रेज़ेंस ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया। ये दोनों फिल्में सिर्फ हिट नहीं, बल्कि ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुईं और आज भी प्रभास के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जाती हैं.
साहो – भारी बजट, मिली-जुली प्रतिक्रिया
‘बाहुबली’ के बाद प्रभास की ‘साहो’ से उम्मीदें आसमान छू रही थीं। फिल्म का बजट बहुत बड़ा था और एक्शन भी इंटरनेशनल लेवल का दिखाया गया। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने अच्छी कमाई की, लेकिन कहानी और स्क्रीनप्ले को लेकर दर्शकों और क्रिटिक्स की राय बंटी हुई रही। तकनीकी रूप से फिल्म मजबूत थी, लेकिन कंटेंट कमजोर माना गया। इसी वजह से ‘साहो’ को न पूरी तरह हिट कहा गया और न ही पूरी तरह फ्लॉप, इसे अक्सर एवरेज सेमिक-हिट की कैटेगरी में रखा जाता है.
राधे श्याम – उम्मीदों पर भारी पड़ा रोमांस
इसके बाद आई ‘राधे श्याम’, जिसमें प्रभास ने रोमांटिक अवतार अपनाया. फिल्म का विजुअल ट्रीटमेंट शानदार था और म्यूज़िक भी पसंद किया गया, लेकिन कमजोर कहानी और धीमी गति दर्शकों को बांध नहीं पाई। बड़े बजट और पैन-इंडिया रिलीज़ के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर टिक नहीं सकी। ‘राधे श्याम’ को प्रभास के करियर की बड़ी निराशाओं में गिना जाता है, जिसने यह साबित किया कि सिर्फ स्टार पावर ही फिल्म को हिट नहीं बना सकती.
ये भी पढ़ें - जब भी मूड खराब होता है… दिलजीत और निमरत भी हैं राखी सावंत के फैन, एक्ट्रेस को बताया “लीजेंड”
आदिपुरुष और सालार – एक फ्लॉप, एक दमदार वापसी
‘आदिपुरुष’ से प्रभास और मेकर्स को बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन फिल्म रिलीज़ के बाद विवादों और VFX को लेकर आलोचना का शिकार हो गई। भारी बजट के बावजूद फिल्म दर्शकों की कसौटी पर खरी नहीं उतर सकी और इसे बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप माना गया. हालांकि इसके बाद प्रभास ने ‘सालार’ के जरिए जोरदार वापसी की। फिल्म का रॉ एक्शन, डार्क टोन और प्रभास की दमदार मौजूदगी दर्शकों को खूब पसंद आई। ‘सालार’ ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया, बल्कि प्रभास के स्टारडम को फिर से मजबूत किया.
द राजासाब से उम्मीदें क्यों हैं ज्यादा?
अब बारी है ‘द राजासाब’ की, जो प्रभास को एक नए और अलग अंदाज़ में पेश करने वाली है. रोमांस, कॉमेडी और एंटरटेनमेंट का मिश्रण बताई जा रही यह फिल्म उनके लिए बेहद अहम मानी जा रही है। पिछली फिल्मों के उतार-चढ़ाव के बाद फैंस को उम्मीद है कि ‘द राजासाब’ प्रभास के करियर में एक नया बैलेंस लेकर आएगी, न सिर्फ बड़े पैमाने की, बल्कि मजबूत कंटेंट वाली फिल्म के रूप में.
‘बाहुबली’ जैसी ऐतिहासिक सफलता से लेकर ‘राधे श्याम’ और ‘आदिपुरुष’ जैसी निराशाओं तक, प्रभास का करियर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. लेकिन ‘सालार’ ने यह साबित कर दिया कि वह अब भी बॉक्स ऑफिस के बड़े खिलाड़ी हैं। ऐसे में ‘द राजासाब’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि प्रभास के करियर का अगला बड़ा इम्तिहान है.