
Prajwal Revanna: कर्नाटक के हासन से पूर्व सांसद और जनता दल (सेक्युलर) नेता एच.डी. रेवन्ना के बेटे प्रज्वल रेवन्ना इस समय परप्पना अग्रहारा जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। बलात्कार के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अब जेल प्रशासन ने उन्हें काम सौंपा है। जानकारी के अनुसार, रेवन्ना को जेल की लाइब्रेरी क्लर्क की जिम्मेदारी दी गई है। इस दौरान उन्हें अदालती कार्यवाही और अपने वकीलों से मिलने के लिए भी समय उपलब्ध कराया जाएगा।
लाइब्रेरी क्लर्क का काम और वेतन
जेल अधिकारियों के मुताबिक, रेवन्ना का मुख्य काम साथी कैदियों को किताबें देना और लौटाई गई किताबों का रिकॉर्ड रखना होगा। इस काम के बदले उन्हें प्रतिदिन 522 रुपये का वेतन मिलेगा। जेल के नियमों के अनुसार, उम्रकैद की सजा पाए कैदियों को श्रम कार्य करना आवश्यक है और उनकी योग्यता एवं रुचि के आधार पर काम दिया जाता है। रेवन्ना ने प्रशासनिक कार्यों में रुचि दिखाई थी, लेकिन जेल प्रशासन ने उन्हें लाइब्रेरी में तैनात करने का निर्णय लिया। बताया गया है कि उन्होंने इस काम की शुरुआत कर दी है।
काम के नियम और सीमाएं
जेल नियमों के अनुसार, किसी भी कैदी को महीने में कम से कम 12 दिन काम करना अनिवार्य होता है, जो सप्ताह में तीन दिन के हिसाब से तय किया जाता है। रेवन्ना के लिए भी यही व्यवस्था लागू होगी। हालांकि, उनकी अदालती पेशियों और वकीलों से मुलाकात के चलते फिलहाल उनका काम सीमित रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि यह जिम्मेदारी उन्हें जेल नियमों के तहत सौंपी गई है और वेतन भी उसी अनुसार दिया जाएगा। इस तरह, पूर्व सांसद अब कैदी जीवन के साथ-साथ जेल की लाइब्रेरी के कामकाज को भी संभालेंगे।