
Prashant Kishor: जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर के खिलाफ बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन किया। शनिवार को राघोपुर में आयोजित उनकी चुनावी रैली में बड़ी संख्या में गाड़ियां और समर्थक शामिल हुए थे, जिससे प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन की बात कही है। अंचलाधिकारी के आवेदन पर यह मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि प्रशांत किशोर ने इसी रैली से अपने चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत की थी।
राघोपुर से तेजस्वी पर हमला
प्रशांत किशोर ने राघोपुर की रैली में आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राघोपुर के लोगों के विधायक दो बार उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं, लेकिन जनता की समस्याओं का समाधान नहीं कर पाए। उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव को उनके ही गढ़ में “अमेठी जैसी हार” का सामना करना पड़ेगा। सभा के दौरान ग्रामीणों ने भी तेजस्वी तक न पहुंच पाने की शिकायत की। समर्थकों ने प्रशांत किशोर का जोरदार स्वागत किया और ढोल-नगाड़ों के बीच फूल-मालाओं से अभिनंदन किया।
यह भी देखेंःBaghpat Triple Murder: मौलाना के परिवार की हत्या करने वाले दो नाबालिग 6 घंटे में पकड़े गए
क्या राघोपुर से लड़ेंगे चुनाव?
जब प्रशांत किशोर से पूछा गया कि क्या वे खुद राघोपुर से तेजस्वी यादव के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने साफ कहा कि इस पर फैसला जनसुराज पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति करेगी। उन्होंने बताया कि रविवार को समिति की बैठक होगी, जिसमें राघोपुर से मिले फीडबैक के आधार पर उम्मीदवार तय किया जाएगा। उन्होंने कहा, “यह अभी तय नहीं कि उम्मीदवार मैं रहूंगा या कोई और, लेकिन मुकाबला सीधा विकास बनाम वादों का होगा।”