Pregnancy Tips for New mom To Be : गर्भावस्था की शुरुआत किसी भी महिला के जीवन में बेहद महत्वपूर्ण और भावनात्मक समय होता ह. खासकर पहले तीन महीने, जिन्हें प्रथम त्रैमासिक (First Trimester) कहा जाता है, मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के लिए अत्यंत संवेदनशील होते हैं. इसी दौरान बच्चे के शरीर के अंगों का निर्माण शुरू होता है और हार्मोनल बदलाव भी तेजी से होते हैं. ऐसे में यदि सही देखभाल और सावधानी न बरती जाए, तो गर्भपात, भ्रूण में विकृति या मां की सेहत पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. इसलिए गर्भावस्था की शुरुआत में कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है.
संतुलित आहार और पोषण का ध्यान रखें
प्रेग्नेंसी के पहले तीन महीनों में शरीर को अधिक पोषण की जरूरत होती है. हरी सब्जियाँ, ताजे फल, दूध, दही, अंडे, दालें और साबुत अनाज का सेवन करें. फोलिक एसिड, आयरन और कैल्शियम की उचित मात्रा लेने से भ्रूण का विकास सही तरीके से होता है. बाजार में मिलने वाले जंक फूड और डिब्बाबंद चीज़ों से दूरी बनाएं.
दवाइयाँ बिना डॉक्टर की सलाह के न लें
इस समय किसी भी प्रकार की दवा लेना बेहद जोखिम भरा हो सकता है. छोटी-सी गलती भ्रूण को नुकसान पहुँचा सकती है. इसलिए सिरदर्द, बुखार या उल्टी जैसी आम समस्याओं में भी डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें.
तनाव से बचें और नींद पूरी लें
हार्मोनल बदलाव के कारण मूड स्विंग्स और चिड़चिड़ापन आम होता है. ऐसे में मानसिक शांति बनाए रखना बहुत जरूरी है. रोज़ाना पर्याप्त नींद लें और हल्के व सुरक्षित योग या ध्यान का सहारा लें. अपने आस-पास सकारात्मक माहौल बनाए रखें.
कैफीन और शराब से परहेज करें
चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक्स में मौजूद कैफीन भ्रूण के लिए हानिकारक हो सकता है. साथ ही, शराब और धूम्रपान जैसे नशे तो पूरी तरह वर्जित होने चाहिए क्योंकि ये गर्भ में पल रहे शिशु की वृद्धि को बाधित कर सकते हैं.
नियमित जांच और डॉक्टर से संपर्क बनाए रखें
गर्भावस्था की शुरुआत में ही पंजीकरण करवा लें और नियमित रूप से अल्ट्रासाउंड तथा अन्य जांच करवाते रहें. इससे मां और शिशु दोनों की सेहत पर नज़र रखी जा सकती है. पहले तीन महीने गर्भावस्था की नींव होते हैं. अगर इस दौरान सही खानपान, जीवनशैली और चिकित्सकीय सलाह का पालन किया जाए, तो आगे की पूरी प्रेग्नेंसी स्वस्थ और सुरक्षित रह सकती है. हर मां को चाहिए कि वह खुद का ध्यान रखे, क्योंकि वही आने वाले जीवन की रक्षक है.