Premanand Maharaj: मथुरा स्थित प्रेमानंद महाराज के राधा केलि कुंज आश्रम से जुड़ा विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। आश्रम से जुड़े दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच घटना के करीब नौ दिन बाद आश्रम प्रबंधन की ओर से एक बयान सामने आया है। राधा केलि कुंज ट्रस्ट ने अपने फेसबुक पेज पर यह अपील जारी की है और आश्रम की ओर से इसकी पुष्टि भी की गई है। ट्रस्ट की ओर से जारी संदेश में घटना पर दुख जताते हुए कहा गया कि हाल में हुई घटना से पूज्य महाराज और उनके अनुयायी काफी दुखी हैं। ट्रस्ट ने मृतक साधक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही पुलिस प्रशासन को मामले की निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही गई है।
अफवाहों से बचने की अपील
ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं, साधकों और आम लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक अधूरी जानकारी या किसी तरह की अफवाह के आधार पर कोई निष्कर्ष न निकाला जाए। संदेश में कहा गया कि बिना पूरी जानकारी के किसी व्यक्ति या आश्रम की छवि को नुकसान पहुंचाने से बचना चाहिए। प्रबंधन के मुताबिक पुलिस जांच के जरिए घटना से जुड़े वास्तविक तथ्यों का पता लगाया जाएगा। ट्रस्ट ने लोगों से जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने का अनुरोध किया है।
घटना के बाद उठ रहे कई सवाल
घटना के बाद से ही आश्रम को लेकर अलग-अलग तरह के सवाल सामने आ रहे हैं। इसी बीच तीन अलग-अलग परिवारों के लोगों द्वारा अपने परिजनों की तलाश में आश्रम के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन और नारेबाजी किए जाने की बात भी सामने आई है। इससे मामला और चर्चा में आ गया है। मृतक दीपक लोधी की मौत से जुड़ी परिस्थितियों को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया और सार्वजनिक चर्चा में घटना को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन इन दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
यह भी पढ़ें; शिष्य की मौत के बाद प्रेमानंद महाराज के आश्रम की बदली व्यवस्था, दीक्षा-दर्शन पर रोक
पुलिस जांच पर भी उठ रहे सवाल
मामले को लेकर मथुरा पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। खास तौर पर यह चर्चा है कि घटना के कई दिन बीतने के बाद भी मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर स्थिति क्या है। हालांकि, घटना से जुड़े वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी का पता आधिकारिक जांच के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल आश्रम प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच के नतीजों का इंतजार करें।