
हाल ही में संत प्रेमानंद महाराज ने महिलाओं को लेकर जो टिप्पणी की थी, वह अब भी विवादों में घिरी हुई है। सोशल मीडिया से लेकर समाज के विभिन्न वर्गों में उनके बयान की आलोचना हो रही है। इसे महिलाओं के खिलाफ बताया जा रहा है और कई संगठनों ने इसका विरोध किया है।
नया वीडियो बयान हुआ वायरल
इसी बीच उनका एक और वीडियो सामने आया है जो सोमवार से सोशल मीडिया पर वायरल है। इस वीडियो में प्रेमानंद महाराज ने कहा है कि "गंदे आचरण करने वालों को सही उपदेश अच्छा नहीं लगता।" हालांकि, *हिन्दुस्तान* इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
"नाली के कीड़े को अमृत पसंद नहीं" – संत का विवादित उदाहरण
वीडियो में संत कह रहे हैं, “नाली के कीड़े को अमृत कुंड में डालो तो उसे पसंद नहीं आएगा। इसी तरह जिनका आचरण गंदा है, वे जब उपदेश सुनते हैं तो उन्हें बुरा लगता है।” उन्होंने कहा कि उनके पास जो युवा आते हैं, वे खुद को सुधारने आते हैं।
बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड संस्कृति को बताया गलत
संत प्रेमानंद ने युवाओं से अपील की कि बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड बनाना बंद करें, नशा न करें और माता-पिता की आज्ञा में रहें। उन्होंने कहा कि आज का युवा सुख की तलाश व्यसन और व्यभिचार में करता है, जो अंततः डिप्रेशन, जेल या आत्महत्या की ओर ले जाता है।
“अगर उपदेश बुरा लगता है, तो संत नहीं बोलेंगे”
प्रेमानंद महाराज ने आगे कहा, “अगर कड़वे शब्द सुनकर बुरा मानोगे तो संतजन चुप हो जाएंगे। जब तक तुम शास्त्रों की ओर नहीं जाओगे, तब तक समझ नहीं पाओगे कि सही क्या है और गलत क्या।”
माया की चर्चा और संतों का मार्ग
अपने भाषण में उन्होंने कहा कि जो शास्त्र, संत और सद्गुरु की बातों का मनन करते हैं, उन्हें माया का असर नहीं होता। लेकिन जो भ्रम में रहते हैं, उनके लिए माया बहुत शक्तिशाली बन जाती है।