
Chhath Festival: दिल्ली में छठ पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। बुधवार को एलजी सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राजधानी में छठ पूजा के आयोजन, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि उन्होंने हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से बात की है, और दोनों राज्यों ने दिल्ली में छठ पर्व के आयोजन में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। छठ पर छुट्टी की मांग पर उन्होंने कहा कि इस पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है, लेकिन सरकार आगे इस पर विचार कर सकती है।
भव्य और सुरक्षित आयोजन की तैयारी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार चाहती है कि छठ पर्व को भव्य और सुरक्षित तरीके से मनाया जाए। उन्होंने बताया कि घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष टीमें बनाई गई हैं। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। सीएम ने कहा कि छठ दिल्ली की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है और सरकार इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मंत्रियों और सांसदों ने घाटों का लिया जायजा
उधर, दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा और सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार स्थित यमुना घाट का निरीक्षण किया। दोनों नेताओं ने छठ घाट पर सफाई अभियान में हिस्सा लिया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कपिल मिश्रा ने कहा कि पिछली सरकार ने छठ पूजा पर रोक लगाकर श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने वह “पाप समाप्त” कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस साल दिल्ली के करीब 1300 घाटों पर छठ पूजा का आयोजन होगा। मनोज तिवारी ने कहा कि सरकार बदलने के साथ ही दिल्ली में माहौल भी बदल गया है और अब श्रद्धा के द्वार फिर से खुल गए हैं।