लखनऊ। प्रदेश के राज्य कर्मचारियों को दीपावली से पहले बोनस देने की तैयारी तेज हो गई है। वर्ष 2025-26 के लिए बोनस का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुमोदन के लिए भेज दिया गया है। एक-दो दिनों में आदेश जारी होने की उम्मीद है। कर्मचारियों को नवंबर में मिलने वाले वेतन के साथ बोनस का भुगतान किया जाएगा।
वित्त विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पूर्णकालिक अराजपत्रित राज्य कर्मचारियों, राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित और दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को इसका लाभ मिलेगा। इसके अलावा राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के पात्र कर्मचारियों को भी बोनस दिया जाएगा। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम सात हजार रुपये मिलेंगे।
बोनस भुगतान से सरकारी खजाने पर करीब 2500 करोड़ रुपये का व्ययभार आने का अनुमान है। वहीं, कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) और पेंशनरों की महंगाई राहत (डीआर) में भी तीन प्रतिशत वृद्धि की तैयारी है। इसका आदेश बोनस के बाद जारी होने की संभावना है।
बढ़े हुए डीए-डीआर का लाभ नवंबर के वेतन में मिलने की उम्मीद नहीं है। जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर भविष्य निधि खातों और राष्ट्रीय बचत पत्रों के माध्यम से दिए जाने की तैयारी है।