CM Rekha Gupta Started Major Work: दिल्ली में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से राहत दिलाने के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग इलाके में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना, सड़कों को मजबूत करना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय पर पूरा होने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जल निकासी मजबूत
मुख्यमंत्री ने हैदरपुर मेन रोड से डीए ब्लॉक तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन के रीमॉडलिंग कार्य की शुरुआत की। यह काम मास्टर ड्रेन प्लान 2025 के तहत किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत आरसीसी ड्रेन बनाकर इलाके की जल निकासी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे बरसात के समय पानी भरने की समस्या में कमी आने की उम्मीद है।
यातायात सुधार
क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी कई काम शुरू किए गए हैं। शालीमार चौक के आसपास स्लिप रोड निर्माण और आरयूबी के पास यू-टर्न की सुविधा विकसित की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक इन बदलावों से इलाके में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को सुरक्षित तथा सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।
यह भी देखेंःCrime News: लखनऊ में पांच साल क मासूम की मौत, माता-पिता पर हत्या का आरोप!
स्वास्थ्य सुविधा
मुख्यमंत्री ने सहीपुर गांव चौपाल में एक नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी उद्घाटन किया। यह केंद्र स्थानीय लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगा। इसके साथ ही भगवान महावीर मार्ग और के. एल. बग्गा मार्ग पर मौजूदा स्टॉर्म वाटर ड्रेन के सुधार का काम भी शुरू किया गया है।
निरीक्षण और निर्देश
परियोजनाओं के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने सिंगलपुर लेबर चौक क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और ड्रेनेज कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों से काम की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।