परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दी नगर स्थित अध्ययन ग्राउंड में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। वीवीआईपी आगमन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमले में हलचल तेज हो गई है। सुरक्षा से लेकर व्यवस्थाओं तक हर स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आधा दर्जन से अधिक जेसीबी मशीनें लगाई गई
नगर निगम की टीमें अध्ययन ग्राउंड और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चला रही हैं। मैदान को समतल और सुव्यवस्थित करने के लिए आधा दर्जन से अधिक जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। वहीं, कार्यक्रम स्थल पर विशेष हैंगर और टेंट लगाने का काम तेजी से चल रहा है, ताकि आयोजन को व्यवस्थित और भव्य रूप दिया जा सके।
विस्तृत प्लान तैयार किया गया
कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन रोजाना अध्ययन ग्राउंड का निरीक्षण कर रहा है। ड्यूटी प्वाइंट्स चिन्हित किए जा चुके हैं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विस्तृत प्लान तैयार किया गया है। वाहनों की पार्किंग, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी विशेष रणनीति बनाई जा रही है।
पुलिस बल की तैनाती की जाएगी
सरसंघचालक की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ड्रोन कैमरों से निगरानी की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल के आसपास स्थित भवनों की छतों पर भी पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके। मोहन भागवत के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। प्रशासन आयोजन को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।