2027 UP Elections: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री और यूपी प्रभारी विनोद तावड़े दो दिन के दौरे पर लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ बंद कमरे में लंबी बैठक की। बैठक में संगठन की स्थिति, विधान परिषद चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई।
संगठन की मजबूती पर बीजेपी का जोर
बीजेपी चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति का आकलन कर रही है। इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से फीडबैक जुटाया जा रहा है। विनोद तावड़े ने सह प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होकर संगठन की तैयारियों का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
चार सह प्रभारियों को मिली अलग-अलग जिम्मेदारी
2027 के चुनाव को देखते हुए बीजेपी ने विनोद तावड़े के साथ चार सह प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा को अवध और गोरखपुर क्षेत्र का प्रभार दिया गया है। राष्ट्रीय मंत्री जगदीश भाई पटेल वाराणसी और कानपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालेंगे। अनंत ओझा को ब्रज और पश्चिम क्षेत्र सौंपा गया है, जबकि मेधा कुलकर्णी लखनऊ से चुनावी अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों के बीच समन्वय करेंगी।
यह भी देखेंःTrump के नए फैसले से भारत को राहत, क्या अब Trade Deal पर लगेगी मुहर?
कार्यकर्ताओं और संघ से जुड़े संगठनों से लेंगे फीडबैक
सह प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और संघ परिवार से जुड़े संगठनों के साथ बातचीत करेंगे। इस दौरान संगठन की सक्रियता, जनता के बीच पार्टी की स्थिति और चुनावी तैयारियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। इस फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति तैयार करने पर जोर रहेगा।
ब्रज क्षेत्र में भी संगठन को मजबूत करने की तैयारी
बीजेपी ने ब्रज क्षेत्र में अभय गिरि को संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी की कोशिश विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और चुनावी अभियान के बीच बेहतर तालमेल बनाने की है। बीजेपी ने आगामी चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य रखा है। इसी उद्देश्य से पार्टी अभी से संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को गति दे रही है।