लखनऊ। प्रदेश में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) का नेटवर्क बढ़ाने के लिए सरकारी और व्यावसायिक परिसरों में नए कनेक्शन देने की तैयारी तेज होगी। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने शुक्रवार को राज्य स्तरीय समिति की बैठक में अधिकारियों को लंबित अनुमतियां और अनापत्तियां जल्द जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी संस्थानों, अस्पतालों, पुलिस लाइन्स, शासकीय कॉलोनियों और अतिथि गृहों में एलपीजी के स्थान पर पीएनजी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य सचिव ने सभी नगर निकायों और विकास प्राधिकरणों को बहुमंजिला इमारतों में कनेक्शन बढ़ाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करने को कहा। इसके लिए आवासीय समितियों और भवन स्वामियों के साथ बैठकें की जाएंगी। पीएनजी कनेक्शन मिलने के बाद एलपीजी कनेक्शन समर्पित कराने की कार्रवाई भी होगी।
उन्होंने गैस वितरण कंपनियों को लंबित औपचारिकताएं पूरी करने और पीएनजी ड्राइव-3.0 के तहत नए कनेक्शन जारी करने के साथ निष्क्रिय कनेक्शनों को दोबारा चालू कराने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद अनिल कुमार और प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरु प्रसाद सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।