
UP International Trade Show 2025: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 के आयोजन को लेकर औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने कहा कि यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के गांवों और कस्बों के हुनरमंद कारीगरों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि पिछले दो संस्करणों की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि उत्तर प्रदेश के उद्यमी और उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं। पिछली बार के ट्रेड शो से व्यापारियों को 2027 तक के ऑर्डर मिले थे और इस बार उससे भी अधिक कारोबार और अवसर मिलने की संभावना है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में भी मददगार
इस बार के आयोजन में एक जिला, एक उत्पाद (ODOP) योजना के तहत काम कर रहे उद्यमियों को भी अपने हुनर को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा। मंत्री नंदी ने कहा कि यह प्लेटफार्म न केवल व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में भी मददगार साबित होगा। उन्होंने इसे राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक अहम कदम बताया।
22 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ था
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में करीब 96 लाख एमएसएमई इकाइयां कार्यरत हैं। यह ट्रेड शो इन सभी उद्यमियों को एक ही छत के नीचे लाने का मंच प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इस आयोजन के दौरान लगभग ₹22 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ था और इस बार यह आंकड़ा कई गुना बढ़ने की उम्मीद है।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक के दौरान कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं, जिनमें सांसद महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, जेवर विधायक, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, और जिलाधिकारी मेधा रूपम शामिल थे। सभी ने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और इसे उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, सांस्कृतिक और आर्थिक शक्ति को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का ऐतिहासिक अवसर बताया।