अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को लेकर बड़ा दावा किया। ट्रंप का कहना है कि मोजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हैं, लेकिन अभी जीवित हैं। साथ ही, उन्होंने ईरान के साथ चल रहे युद्ध के 'काफी जल्द' खत्म होने की बात कही। रूढ़िवादी प्रसारक ग्लेन बेक के साथ एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि उनकी मौत हुई है। वह बहुत गंभीर रूप से घायल हुए हैं।" उन्होंने कहा कि उनके शरीर का बायां हिस्सा, हाथ, पैर, सब कुछ बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वह बहुत गंभीर रूप से घायल हैं।
22 नौकाओं को नष्ट कर दिया
हालांकि, ट्रंप ने खामेनेई की स्थिति को लेकर अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया। उन्होंने कहा कि ईरानी अधिकारी अभी भी सर्वोच्च नेता से सलाह लेने की बात करते हैं। ट्रंप ने कहा कि अगर वह नहीं हैं, तो फिर वे बहुत अच्छा दिखावा कर रहे हैं, क्योंकि वे लगातार कहते हैं कि वे उनसे बात करने जा रहे हैं और विभिन्न मामलों पर उनकी अंतिम मंजूरी ले रहे हैं। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी बलों ने नाकाबंदी (ब्लॉकेड) से जुड़ी कार्रवाई के दौरान एक रात में 22 नौकाओं को नष्ट कर दिया।
सैन्य अभियान जल्द ही एक बड़ी जीत
उन्होंने कहा कि हमने कल रात 22 नौकाओं को नष्ट कर दिया। नाकाबंदी के दौरान लोग अंदर आने की कोशिश कर रहे थे। हमारी नौसेना ने शानदार काम किया है। हमारी पूरी सेना ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। ट्रंप ने विश्वास जताया कि यह सैन्य अभियान जल्द ही एक बड़ी जीत में बदल जाएगा।
सुरक्षा बलों और स्नाइपर्स का सामना
उन्होंने कहा कि हमें वेनेजुएला में जीत मिली थी और यहां भी हमें बहुत जल्द बड़ी जीत मिलने वाली है। जब उनसे पूछा गया कि ईरान में लोग सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध क्यों नहीं कर रहे, तो ट्रंप ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा बलों और स्नाइपर्स का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब ऐसे लोग सामने हों जो आपको गोली मार सकते हैं और आपकी जान ले सकते हैं, तो विरोध करना बहुत मुश्किल हो जाता है। यही कारण है कि लोग सड़कों पर नहीं उतर रहे हैं।
ट्रंप ने कहा कि ईरान की सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है। संभावना है कि चीजें बदलेंगी, क्योंकि ईरान बहुत कमजोर हो चुका है। उनकी नौसेना लगभग खत्म हो चुकी है और उनकी वायुसेना भी लगभग पूरी तरह खत्म हो चुकी है। कुछ सैनिकों को वेतन नहीं मिल रहा है और देश में महंगाई बहुत बढ़ गई है।