
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा को लेकर बड़ी चूक होने की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि सबरीमाला यात्रा के दौरान उन्हें लेकर जा रहा हेलीकॉप्टर केरल के प्रमदम इलाके में बने नए हेलिपैड पर उतरते समय धंस गया. यह हादसा बुधवार को राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में हुआ, जहां राष्ट्रपति के लिए अस्थायी हेलिपैड तैयार किया गया था. वहीं लैंडिंग के दौरान जमीन का एक हिस्सा धंस गया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों की मदद से हेलीकॉप्टर को बाहर निकाला गया.
प्रमदम को आखिरी समय में किया फाइनल
मिली जानकारी के अनुसार प्रमदम को राष्ट्रपति की लैंडिंग के लिए अंतिम समय में फाइनल किया गया था. जिसके बाद मंगलवार देर रात वहां कंक्रीट डालकर हेलिपैड बनाया गया, जो पूरी तरह से बुधवार सुबह तक सूख नहीं पाया था. पहले ये योजना थी कि राष्ट्रपति का हेलीकॉप्टर पंबा के पास निलक्कल में उतरा जाएगा लेकिन खराब मौसम के चलते स्थान बदलकर प्रमदम कर दिया गया. यही जल्दबाज़ी हादसे की वजह बन गई.
हेलीकॉप्टर का वजन नहीं सह सका कंक्रीट
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने हादसे को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि कंक्रीट पूरी तरह से जम नहीं पाया था, इसलिए लैंडिंग के समय हेलीकॉप्टर का वजन वह सहन नहीं कर सका. जिसके चलते पहियों के नीचे गड्ढे बन गए. वहीं घटना के तुरंत बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मिलकर हेलीकॉप्टर को सुरक्षित बाहर निकाला है.
इसे भी पढ़ें : यात्रीगण ध्यान दें, रेलवे में सफर करने वाले एक क्लिक करके ट्रेनों का शेड्यूल जान लें, अचानक हुआ बड़ा बदलाव !
राष्ट्रपति ने किए भगवान अयप्पा के दर्शन
दरअसल बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सबरीमाला मंदिर में भगवान अयप्पा के दर्शन करने पहुंचीं. जिसके बाद वह ऐसा करने वाली पहली महिला राष्ट्रपति बनीं. वहीं राष्ट्रपति मुर्मू से पहले पूर्व राष्ट्रपति वी.वी. गिरि 1970 के दशक में इस मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे. आपको बता दें कि सबरीमाला में पूजा-अर्चना के बाद राष्ट्रपति मुर्मू शाम को तिरुवनंतपुरम वापस लौटेंगी. यहां वह राजभवन में पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी.