Hapur News: बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-9 उपैड़ा फ्लाईओवर पर मंगलवार देर रात जीप की स्टेफनी बदल रहे एक बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि वाहन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे के बाद मौके पर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जीप को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी
पुलिस के मुताबिक, रात 01:45 बजे एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम के माध्यम से सूचना मिली थी कि एनएच-9 गांव उपैड़ा के फ्लाईओवर पर एक जीप को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। जांच के दौरान पता लगा कि जीप के चालक द्वारा फ्लाईओवर के ऊपर ही गाड़ी की पंचर टायर को जैक लगाकर स्टेफनी से बदलने के दौरान अज्ञात वाहन से यह हादसा हुआ है। हादसे के बाद आसपास के लोगों से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया।
चालक की तलाश की जा रही
जांच के दौरान मृतक की पहचान राजस्थान राज्य के जनपद दौसा के गांव लिलोज में स्थित बालाजी मंदिर में तैनात 60 वर्षीय भगवान दास के रूप में हुई। मृतक मंदिर में पुजारी थे। पुलिस ने शिनाख्त के बाद शव को एंबुलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाबूगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की वजह से थोड़ी देर के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वहान को हटाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराई। अज्ञात वाहन के चालक की तलाश की जा रही है।