हापुड़, सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी में किराये के मकान में रहने वाले एक मंदिर के पुजारी की पत्नी ने मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर लिया. आनन फानन में मोहल्ले के लोगों ने महिला को नगर के देवनंदनी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
एसएचओ सदर देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि जिला सीतापुर के थाना रेवसा के गांव रेवसा पुरानी बस्ती के निवासी शिवा पूजन शुक्ला शतीला माता मंदिर के पुजारी है. वह अपनी पत्नी छाया शुक्ला के साथ शिवपुरी में स्थित एक मकान में किराये पर रहते हैं। मंगलवार को छाया ने संदिग्ध परिस्थितियों ने अपने किराये के कमरे में ही फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर लिया। इस बात की जानकारी मिलने पर मकान स्वामी और मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए। जिन्होंने किसी प्रकार महिला को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने छाया को मृत घोषित कर दिया.
महिला के फांसी लगाने की सूचना अस्पताल से पुलिस को मिली. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. मृतका के मायके पक्ष के लोगों को सूचना दी गई है. तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.