शिया इस्माइली मुसलमानों के 50वें वंशानुगत इमाम (आध्यात्मिक नेता) और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के चेयरमैन प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने गुरुवार को गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की।
आगा खान पंचम से मिलकर खुशी हुई
शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "नई दिल्ली में महामहिम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम से मिलकर खुशी हुई। भारत, आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के साथ अपने रिश्ते को बहुत महत्व देता है, जो मानवीय विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता पर आधारित है।"
सौर ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग
उन्होंने आगे कहा, "हमारी बातचीत सामाजिक विकास, सिंचाई, सहकारी समितियों, प्राकृतिक खेती, जिसमें मोटे अनाज (मिलेट्स) भी शामिल हैं, और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित रही। हमने सतत विकास और मानवता की भलाई के लिए इन साझेदारियों को आगे बढ़ाने की अपनी साझा प्रतिबद्धता को दोहराया।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की
इससे पहले दिन में, उन्होंने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। बातचीत के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मु ने आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की।
गुणवत्ता में सुधार
राष्ट्रपति सचिवालय ने एक्स पर कहा, "महामहिम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के कार्यों की सराहना की और कहा कि यह दिखाता है कि कैसे सरकार के साथ मिलकर काम करने वाली गैर-लाभकारी संस्थाएं लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार कर सकती हैं।"
आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने आगा खान के साथ बैठक की, जिसमें खेल और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में भारत और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।
कट्टरपंथ को खत्म करने की आवश्यकता
बैठक के दौरान, दोनों नेताओं ने कट्टरपंथ को खत्म करने की आवश्यकता को दोहराया और इस बात पर जोर दिया कि बातचीत ही शांति, स्थिरता और साझा समृद्धि का रास्ता है।
अफगानिस्तान में प्रभावशाली प्रयास की सराहना
उपराष्ट्रपति कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट किया, "महामहिम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने आज उपराष्ट्रपति भवन में भारत के माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी पी राधाकृष्णन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने जल और स्वच्छता, महिलाओं के नेतृत्व वाले स्वयं-सहायता समूहों, शिक्षा और सामुदायिक विकास में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के योगदान पर चर्चा की और पूर्वी अफ्रीका तथा अफगानिस्तान में इसके प्रभावशाली प्रयासों की सराहना की।"
आगे लिखा, "उन्होंने खेल और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर भी चर्चा की। दोनों नेताओं ने कट्टरपंथ को खत्म करने की आवश्यकता को दोहराया और इस बात पर जोर दिया कि बातचीत ही शांति, स्थिरता और साझा समृद्धि का रास्ता है।"