Hapur News: थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के पुराने नेशनल हाईवे स्थित उपेड़ा फ्लाई ओवर पर शनिवार रात प्राइवेट बस ने गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। इस दौरान बस चालक समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसकी पहचान पुलिस ने थाना क्षेत्र के गांव उपेड़ा निवासी धर्मपाल सिंह के रूप में की है। मृतक धर्मपाल के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे के आस-पास प्राइवेट बस गढ़ की ओर से हापुड़ की तरफ जा रही थी। जैसे ही पुराने नेशनल हाईवे स्थित उपेड़ा फ्लाई ओवर पर पहुंची, तो आगे चल रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। सड़क हादसे के बाद बस सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई और टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ सिटी वरुण मिश्रा और थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया। वाहनों को निकालकर गंतव्य की ओर रवाना किया गया।मुनीश प्रताप सिंह ने बताया कि अस्पताल जाकर घायलों के बारे में जानकारी की, तो कुछ घायलों के परिजन दूसरे अस्पताल लेकर पहुंच गए हैं। जबकि गांव शाहपुर जट्ट निवासी अंजू पत्नी पुष्पेंद्र का उपचार जारी है।
धर्मपाल की मौत के बाद परिवार में कोहराम
मृतक धर्मपाल सिंह गांव उपेड़ा में दो पुत्र और दो पुत्रियां है। वह नोएडा के लिए प्राइवेट बस में चालक थे। पुलिस ने जब मौत की सूचना परिजन को दी, तो कोहराम मच गया। आनन फानन में परिवार के सदस्य निजी अस्पताल पहुंचे। जहां पिता के शव को देख कर फूट फूटकर रोने लगे।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे कराया गया। हादसे की सूचना पर तत्काल पुलिस ने पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों के बारे में जानकारी की जा रही है।