Ram Mandir Offerings in Final Stage: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) अंतिम रिपोर्ट सौंपने से पहले अयोध्या का एक और दौरा कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, टीम मौके पर जाकर जांच से जुड़े तथ्यों का अंतिम सत्यापन करेगी और इसके बाद अपनी विस्तृत रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंपेगी। एसआईटी को 15 जुलाई तक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।
दस्तावेजों और बयानों का विश्लेषण पूरा
पिछले लगभग तीन सप्ताह के दौरान एसआईटी ने बड़ी संख्या में दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और संबंधित लोगों के बयान एकत्र किए हैं। जांच टीम इन सभी साक्ष्यों का विश्लेषण लगभग पूरा कर चुकी है। अब फील्ड वेरिफिकेशन के जरिए आरोपियों से पूछताछ में मिले इनपुट और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों का मिलान किया जाएगा, ताकि रिपोर्ट पूरी तरह तथ्यात्मक और मजबूत हो।
यह भी देखेंःसिया-केतन केस के बाद चर्चा में आया लोहगढ़ किला, 2 हजार साल पुराने इतिहास के साथ भूतों की कहानियां भी मशहूर
नए सुरागों पर भी जांच जारी
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ नए तथ्य और संभावित साजिश से जुड़े संकेत भी सामने आए हैं। एसआईटी इन सभी पहलुओं की दोबारा पुष्टि कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके। माना जा रहा है कि यदि नए साक्ष्य मिले तो इस मामले में कुछ और लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। हालांकि, संभावित गिरफ्तारियों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
रिपोर्ट के आधार पर तय होगी आगे की कार्रवाई
एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट में कथित चढ़ावा चोरी की पूरी प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था की कमियां, प्रबंधन से जुड़े जिम्मेदार लोगों की भूमिका और जांच के दौरान सामने आए सभी महत्वपूर्ण तथ्यों का विस्तृत उल्लेख किया जाएगा। रिपोर्ट सरकार को सौंपे जाने के बाद उसी के आधार पर कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई का फैसला लिया जाएगा। फिलहाल इस मामले से जुड़े सभी पक्षों की निगाहें 15 जुलाई को पेश होने वाली अंतिम जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।