
अजनाला के गांव ग्रंथगढ़ का परिवार इन दिनों गहरे दर्द और चिंता से गुजर रहा है। घर की आर्थिक हालत सुधारने और बेहतर भविष्य का सपना लेकर विदेश गया उनका बेटा गुरप्रीत सिंह अब ईरान मे अपहरणकर्ताओं के चंगुल में फंस चुका है। गुरप्रीत सिंह ईरान पहुंचा ही था कि कुछ अज्ञात लोगों ने उसे अगवा कर लिया। अपहरणकर्ताओं ने परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। इस खबर ने परिवार को तोड़कर रख दिया है। मां-बाप की आंखों में हर वक्त आंसू हैं और घर का माहौल मातम सा है।
परिवार को भरोसा दिलाया
ऐसे मुश्किल हालात में उनके घर पहुंचे केंद्रीय शिक्षा एवं विकास राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार यहां मंत्री ने मौके पर ही भारतीय दूतावास से फोन पर बात की और परिवार को भरोसा दिलाया कि "सरकार आपके बेटे को सुरक्षित घर लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। बहुत जल्द गुरप्रीत भारत लौटेगा।" इस मौके उनके साथ भाजपा अमृतसर रूरल के प्रधान व पूर्व विधायक अमरपाल सिंह बोनी अजनाला भी मौजूद थे.
बेटे को अच्छे भविष्य के लिए विदेश भेजा था
गुरप्रीत सिंह के पिता ने भावुक होकर कहा –"हमने अपने बेटे को अच्छे भविष्य के लिए विदेश भेजा था, लेकिन अब वह अगवा हो गया है। अपहरणकर्ता बड़ी रकम मांग रहे हैं। लेकिन आज जब केंद्रीय मंत्री हमारे घर आए हैं तो हमें उम्मीद जगी है कि हमारा बेटा सुरक्षित घर लौट आएगा।परिवार की पीड़ा और इंतजार हर किसी की आँखें नम कर देता है। गाँव भर के लोग इस परिवार के साथ खड़े हैं और दुआ कर रहे हैं कि गुरप्रीत सकुशल अपने घर लौट आए।