बीमारी आने पर सबसे बड़ी चिंता इलाज के खर्च की होती है। इसी परेशानी को कम करने के लिए पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री सेहत योजना शुरू की है। इस योजना का मकसद यही है कि राज्य का कोई भी नागरिक पैसे के अभाव में इलाज से वंचित न रहे। सरकार चाहती है कि हर परिवार को इलाज की सुरक्षा मिले और अस्पताल के बिल का बोझ सिर पर न आए। यही वजह है कि इस योजना को बिना किसी जटिल शर्त के लागू किया गया है।
क्या है मुख्यमंत्री सेहत योजना
मुख्यमंत्री सेहत योजना पंजाब सरकार की एक खास स्वास्थ्य बीमा योजना है। इसके तहत हर पात्र परिवार को साल में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज दिया जाता है। इसका मतलब यह है कि इलाज के समय मरीज को जेब से पैसे नहीं देने पड़ते। इस योजना का लाभ सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सरकार द्वारा सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी लिया जा सकता है। सामान्य ऑपरेशन से लेकर गंभीर बीमारियों तक का इलाज इसमें शामिल है।
कौन लोग ले सकते हैं योजना का फायदा
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसकी आसान पात्रता है। मुख्यमंत्री सेहत योजना में आय, नौकरी या सामाजिक स्थिति जैसी कोई शर्त नहीं रखी गई है। सिर्फ यह जरूरी है कि आवेदक पंजाब का निवासी हो। चाहे व्यक्ति गरीब हो या मध्यम वर्ग का, सरकारी नौकरी में हो या प्राइवेट में, सभी इस योजना के दायरे में आते हैं। एक ही सेहत कार्ड पर पूरे परिवार को कवर किया जाता है, जिससे अलग-अलग बीमा कराने की जरूरत नहीं पड़ती।
ये भी पढ़ें : हवा में फैली दहशत, जमीन पर Alert! Kuwait से आ रही IndiGo Flight की इमरजेंसी लैंडिंग, बम धमकी से मचा हड़कंप
मुख्यमंत्री सेहत कार्ड क्यों है खास
सेहत कार्ड होने से इलाज के समय अस्पताल में लंबी कागजी प्रक्रिया से राहत मिलती है। कार्ड दिखाते ही मरीज को कैशलेस इलाज की सुविधा मिल जाती है। इससे मरीज और उसके परिवार को मानसिक तनाव कम होता है। खास बात यह है कि इसमें पहले से मौजूद बीमारियों का इलाज भी शामिल किया गया है, जो आम बीमा योजनाओं में अक्सर नहीं मिलता।
सेहत कार्ड बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज
मुख्यमंत्री सेहत कार्ड बनवाने के लिए ज्यादा कागजात की जरूरत नहीं होती। पहचान और निवास प्रमाण के लिए आधार कार्ड जरूरी है। इसके साथ वोटर आईडी कार्ड भी मांगा जा सकता है। कई बार आवेदन के समय पासपोर्ट साइज फोटो भी देनी होती है। सरकार समय-समय पर जिलों और गांवों में रजिस्ट्रेशन कैंप लगाती है, जहां अधिकारी खुद आवेदन भरने में मदद करते हैं।
कैसे करें आवेदन और कब मिलेगा कार्ड
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेजों का सत्यापन किया जाता है। सत्यापन सफल होने पर लाभार्थी को मुख्यमंत्री सेहत कार्ड जारी कर दिया जाता है। इस कार्ड के जरिए अस्पतालों में सीधे कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है। पंजाब सरकार की यह योजना उन परिवारों के लिए बड़ी राहत है, जो इलाज के खर्च से डरते हैं और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा चाहते हैं।