रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दिल्ली दौरे ने राजधानी के फाइव-स्टार होटलों की मांग अचानक रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा दी है. पुतिन के साथ एक विशाल प्रतिनिधिमंडल भी आ रहा है, जिसकी वजह से दिल्ली के ज्यादातर लग्जरी होटल वीकेंड पर पूरी तरह फुल हो गए. होटल इंडस्ट्री के मुताबिक जितनी तेजी से कमरे भरे हैं, उतनी तेजी कई साल में नहीं देखी गई. रूस से आने वाली टीम के अलावा दिल्ली में एक साथ कई बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम चल रहे हैं, जिसने बुकिंग पर अतिरिक्त दबाव बना दिया है.
दिल्ली में इवेंट्स का मेला और आसमान छूती कीमतें
नवंबर–दिसंबर में दिल्ली का टूरिस्ट सीजन अपने चरम पर रहता है. इंटरनेशनल ट्रैवल बढ़ जाता है और शादी का मौसम भी होटलों की बुकिंग बढ़ाता है. इसी सप्ताह दिल्ली में भारत मंडपम में टैक्सेशन समिट, यशोभूमि में पेपर एक्सपो और यूनेस्को का सम्मेलन आयोजित हो रहा है. इन सभी आयोजनों ने मांग इतना बढ़ा दी कि फाइव-स्टार होटलों के सामान्य कमरे 85 हजार से 1.3 लाख रुपये तक में बिक रहे हैं. बुधवार तक जो कमरे 50-80 हजार रुपये में मिल रहे थे, वही गुरुवार से दोगुनी रफ्तार में चढ़ गए.
ये भी पढ़ें : सिर्फ 436 रुपये में मिल रहा 2 लाख का सुरक्षा कवच… आखिर कौन सी सरकार की योजना मचा रही है धमाल?
कहां ठहरेंगे व्लादिमीर पुतिन?
पुतिन को दिल्ली में सबसे सुरक्षित जगह आईटीसी मौर्य होटल का ग्रैंड प्रेसिडेंशियल सुइट आवंटित किया गया है. 4,700 स्क्वायर फीट में फैला यह दो बेडरूम वाला सुइट दुनिया के सबसे शानदार प्रेसिडेंशियल सुइट्स में गिना जाता है. इसमें प्राइवेट डाइनिंग हॉल, मिनी-स्पा, जिम, स्टडी रूम और रिसेप्शन एरिया जैसी लग्जरी सुविधाएं मौजूद हैं. यही वह सुइट है जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जो बाइडेन और बिल क्लिंटन भी ठहर चुके हैं. होटल के मशहूर रेस्टोरेंट बुखारा और दम-पुख़्त रूसी प्रतिनिधिमंडल के स्वागत की तैयारियों में लगे हैं. सुरक्षा इतनी कड़ी है कि भारतीय और रूसी एजेंसियां संयुक्त रूप से होटल की निगरानी कर रही हैं.
दिल्ली के सारे लग्जरी होटल हाउसफुल
रिपोर्ट्स के मुताबिक ताज पैलेस, ताज मान सिंह, लीला, ओबेरॉय और आईटीसी मौर्य जैसे टॉप होटलों में एक भी कमरा खाली नहीं है. रूसी प्रतिनिधिमंडल ने ताज पैलेस में भी बड़े पैमाने पर बुकिंग की है. विदेशी मेहमानों की एडवांस टीमों ने दिल्ली की खराब हवा को देखते हुए होटलों के एयर प्यूरीफिकेशन सिस्टम की जांच भी की है. सुरक्षा व्यवस्था, होटल की लोकेशन और यात्रा रूट सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पुतिन के दौरे ने स्पष्ट कर दिया है कि दिल्ली में इस हफ्ते लग्जरी स्टे की मांग चरम पर होगी और कीमतें नए रिकॉर्ड बना सकती हैं.