Besan Bhurji Recipe : अगर घर में आज कोई सब्जी नहीं है और समझ नहीं आ रहा कि रोटी या पराठे के साथ क्या बनाया जाए, तो बेसन की भुर्जी एक स्वादिष्ट विकल्प हो सकती है। इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और इसके लिए जरूरी सामान भी आसानी से घर में मिल जाता है। मसालेदार और चटपटा स्वाद इसे खाने में और भी खास बना देता है.
बेसन की भुर्जी बनाने के लिए सामग्री
इसके लिए एक कप बेसन, एक प्याज, एक टमाटर, एक हरी मिर्च और थोड़ा हरा धनिया लें. स्वाद के अनुसार नमक, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और गरम मसाला डाल सकते हैं. भुर्जी बनाने के लिए तेल की भी जरूरत होगी.
ये भी पढ़ें - मेहंदी का रंग गहरा करने के लिए चाय या कॉफी? आसान तरीके से समझें अंत
ऐसे तैयार करें बेसन की भुर्जी
सबसे पहले एक बाउल में बेसन लें और उसमें थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह घोल तैयार कर लें. ध्यान रखें कि इसमें गुठलियां न रहें। अब कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च डालकर भूनें। प्याज हल्का सुनहरा होने पर इसमें टमाटर डालें और नरम होने तक पकाएं.
अब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर मसालों को अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद बेसन का घोल कड़ाही में डालें और लगातार चलाते रहें। कुछ ही मिनटों में बेसन गाढ़ा होकर भुर्जी जैसा दिखने लगेगा.
रोटी-पराठे के साथ करें सर्व
जब बेसन अच्छी तरह पक जाए और उसका पानी सूख जाए, तब ऊपर से गरम मसाला और हरा धनिया डालकर मिला दें. आपकी चटपटी बेसन भुर्जी तैयार है। इसे गरम रोटी, पराठे या पूरी के साथ परोसें. स्वाद बढ़ाने के लिए साथ में हरी चटनी और प्याज भी रख सकते हैं.