Radhika Yadav case: गुरुग्राम मर्डर केस में टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की मौत के बाद सोशल मीडिया को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि राधिका के पिता उसकी सोशल मीडिया एक्टिविटी से नाराज़ थे. अब इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब राधिका का इंस्टाग्राम अकाउंट सामने आया. हिंदुस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, राधिका का यह अकाउंट प्राइवेट था जिसमें केवल 6 पोस्ट थे और महज़ 69 लोग ही उसे फॉलो कर रहे थे. इससे साफ होता है कि वह कोई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नहीं थी, जैसा कि पहले अंदाजा लगाया जा रहा था.
इंस्टा बायो ने बढ़ाई जांच की दिलचस्पी
इस इंस्टाग्राम प्रोफाइल में राधिका ने बायो में स्पेनिश में लिखा था – "Todo pasa por algo", जिसका मतलब होता है – हर चीज़ किसी वजह से होती है. इस लाइन ने जांच एजेंसियों का ध्यान खींचा है. राधिका की प्रोफाइल से ऐसा कोई भी कंटेंट नहीं मिला जो आपत्तिजनक या उकसाने वाला हो. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर सक्रियता को हत्या की वजह बताना अब कमजोर तर्क माना जा रहा है. पुलिस अब फोन डाटा और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच कर रही है.
यह भी पढ़ेंःSupreme court order: ‘हेट स्पीच’ पर तुरंत एक्शन लें केंद्र और राज्य सरकारें, अभिव्यक्ति की आजादी रहे कायम
फोन से खुलेगा असली सच
पुलिस ने राधिका का मोबाइल डाटा रिकवर कराने के लिए उसे DITECH भेजा है. अब उम्मीद की जा रही है कि डिलीट किए गए मेसेज, फोटो, वीडियो और इंस्टा लॉगिन की जानकारी से असली कारण सामने आ सकेगा. शुरुआती जांच में जो बातें सामने आईं, उनसे ये स्पष्ट होता जा रहा है कि राधिका की हत्या का कारण सोशल मीडिया से कहीं ज्यादा गहराई में छिपा है.