Rahul Bhatt : बॉलीवुड से जुड़े एक पुराने विवाद को लेकर राहुल भट्ट ने हाल ही में बड़ा खुलासा किया है. सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान उन्होंने रणवीर शौरी और अपनी बहन पूजा भट्ट से जुड़े करीब दो दशक पुराने विवाद को याद किया। राहुल ने बताया कि उस समय गुस्से में उन्होंने रणवीर शौरी की कार का शीशा तोड़ दिया था और उनकी एक पसली में चोट पहुंचाई थी। उन्होंने माना कि उस वक्त उनका रिएक्शन जरूरत से ज्यादा था और अब उन्हें अपने किए पर पछतावा होता है.
राहुल ने बताया क्यों हुआ था विवाद
राहुल के मुताबिक, रणवीर शौरी और पूजा भट्ट के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. उन्होंने कहा कि उस दौरान रणवीर ने पूजा के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह मामले में बीच में आए। हालांकि, यह राहुल भट्ट की ओर से बताया गया पक्ष है। पुराने समय में रणवीर शौरी ने पूजा और उनके परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों से इनकार किया था और घटना का अपना अलग पक्ष बताया था.
गुस्से में तोड़ा था कार का शीशा
राहुल ने बताया कि उन्होंने रणवीर की कार का शीशा तोड़ दिया और उनकी एक पसली भी तोड़ दी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए था. इस घटना के बाद राहुल को गिरफ्तार किया गया था और उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था.
राहुल ने पुराने विवाद को याद करते हुए रणवीर शौरी के व्यवहार की तारीफ भी की। उनके अनुसार, बाद में रणवीर ने मामले को आगे बढ़ाने के बजाय समझौता किया और मामला खत्म करने की प्रक्रिया में सहयोग किया। राहुल ने कहा कि वह इस व्यवहार के लिए रणवीर का सम्मान करते हैं.
करीब दो दशक बाद फिर चर्चा में आया मामला
पूजा भट्ट और रणवीर शौरी का रिश्ता और उससे जुड़ा विवाद काफी पुराना है. 2002 में रणवीर ने राहुल पर हमला करने का आरोप लगाया था और अपनी चोटों का भी जिक्र किया था. वहीं, राहुल और पूजा की तरफ से घटना को लेकर अलग पक्ष सामने आया था। अब राहुल के नए बयान के बाद यह पुराना मामला एक बार फिर सुर्खियों में है.