Rahul Gandhi 45 FIR Statement : दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA गठबंधन का प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। जनपथ स्थित सागर रत्ना में बैठक के बाद करीब 300 विपक्षी सांसद जंतर-मंतर की ओर बढ़े। इसी दौरान राहुल गांधी ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर कहा कि वह इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ 45 एफआईआर हैं और वह संख्या 100 तक पहुंचाना चाहते हैं। राहुल ने एफआईआर को अपने लिए ‘मेडल’ बताया।
45 FIR का जिक्र कर राहुल का हमला
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर उन्हें डराने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगर संख्या 100 तक पहुंचती है तो भी वह पीछे नहीं हटेंगे। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब दिल्ली पुलिस ने मंगलवार के प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य लोगों के खिलाफ आकाशवाणी भवन में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश के मामले में एफआईआर दर्ज की है।
https://twitter.com/AHindinews/status/2107775669778411711
जंतर-मंतर की ओर बढ़े विपक्षी सांसद
मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से आयोजित लंच बैठक के बाद INDIA गठबंधन के सांसद जंतर-मंतर की तरफ रवाना हुए। प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग की गई। करीब 300 सांसदों के इस प्रदर्शन में राहुल गांधी और खरगे समेत कई विपक्षी नेता शामिल रहे। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सवाल उठा रहा है।
ये भी पढ़ें : UP चुनाव से पहले Yogi का 80-20 दावा, राज्यसभा नतीजों को बताया संकेत
कल भी पुलिस से हुआ था टकराव
मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने संसद भवन से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई अन्य नेताओं ने आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दिया। यह धरना आठ घंटे से अधिक समय तक चला और बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक करीब 260 लोगों को हिरासत में लिया गया था।
CEC के इस्तीफे पर अड़ा विपक्ष
विपक्षी दलों का कहना है कि SIR की प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए। इसी मुद्दे पर विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। मंगलवार की घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत अन्य लोगों के खिलाफ आकाशवाणी भवन में कथित अनधिकृत प्रवेश को लेकर एफआईआर दर्ज की है। विपक्ष ने साफ किया है कि वह इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगा।